Thursday, June 11, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशMDA का बुलडोजर एक्शन, अवैध कॉलोनी और निर्माण किए ध्वस्त: नोटिस...

MDA का बुलडोजर एक्शन, अवैध कॉलोनी और निर्माण किए ध्वस्त: नोटिस के बावजूद नहीं रुका निर्माण, पुलिस की मौजूदगी में 12,500 वर्गमीटर में चला ध्वस्तीकरण अभियान – Muzaffarnagar News




मुज़फ्फरनगर। MDA ने गुरुवार शाम सहारनपुर रोड स्थित दो बड़े अवैध निर्माण स्थलों पर बुलडोजर चलाकर करीब 12,500 वर्गमीटर क्षेत्र में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह कार्रवाई जोन-4 क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से बिना स्वीकृति प्लाटिंग और निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। एमडीए की टीम ने सबसे पहले नीरज चौहान द्वारा सहारनपुर रोड पर विकसित की जा रही लगभग 1,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल की अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इसके बाद भूषण ठाकुर पुत्र मेहर सिंह, ब्रजमोहन और अन्य लोगों द्वारा करीब 11,000 वर्गमीटर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई। बताया गया कि दोनों मामलों में विकास प्राधिकरण द्वारा पहले नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सुनवाई की गई और अवैध निर्माणों को हटाने के आदेश भी पारित किए गए थे। बावजूद इसके निर्माण गतिविधियां जारी रहने पर गुरुवार को प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सहारनपुर रोड क्षेत्र में काफी देर तक हलचल का माहौल रहा। प्राधिकरण अधिकारियों की मौजूदगी में निर्माणाधीन ढांचों, अवैध रूप से विकसित प्लॉटों और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। किसी भी विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। एमडीए अधिकारियों का कहना है कि शहर और उसके आसपास अवैध कॉलोनियों तथा बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों को बार-बार चेतावनी दी जा रही है कि बिना प्राधिकरण की अनुमति के भूमि विकास और निर्माण कार्य न करें, अन्यथा कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। शहर में बढ़ती अवैध प्लाटिंग पर यह हाल के दिनों की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में चिन्हित अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ भी जल्द इसी प्रकार की कार्रवाई की जा सकती है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments