मधुबनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर प्रदर्शन किया। गुरुवार को हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष और न्यायिक जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय से शहर के विभिन्न मार्गों तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और चोरी के मामले में पारदर्शिता की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की मौजूदा सरकार राम के नाम पर जनता का समर्थन लेकर सत्ता में आई, लेकिन राम मंदिर से करोड़ों रुपये की चोरी के मामले पर मौन है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर प्रकरण पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है और इसकी पारदर्शी जांच आवश्यक है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के कथित बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राय ने धमकी दी है कि अगर उन पर उंगली उठी तो वह किसी को नहीं छोड़ेंगे और एक-एक को जेल भेज देंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में किसी भी गंभीर आरोप की निष्पक्ष जांच अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में न्यायिक जांच नहीं कराती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी ने आवश्यकता पड़ने पर सदन से सड़क तक लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करने की बात कही।
Source link

