बाढ़ की संभावित स्थिति के मद्देनजर, वीरपुर के बाढ़ नियंत्रण एवं जलनिस्सरण विभाग के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने बुधवार को सहरसा जिले में पूर्वी कोसी तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से स्पर संख्या 116.70 और 117.15 का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तटबंध पर नदी के दबाव, सुरक्षा व्यवस्था और बाढ़ से निपटने की तैयारियों का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान, मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंध के सभी संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। नदी के जलस्तर में वृद्धि, दबाव बढ़ने या कटाव की आशंका होने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएं। अभियंताओं और कर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया
मुख्य अभियंता ने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखी जाए और सभी संसाधनों को हर समय तैयार रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तटबंध की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभाग को हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहना होगा। संजीव शैलेश ने बताया कि विभाग कोसी नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी अभियंताओं और कर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता विकास कुमार, कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार और फ्लड फाइटिंग फोर्स के चेयरमैन सह बाढ़ संघर्षात्मक समिति के अध्यक्ष सहजानंद सिंह सहित विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source link

