Last Updated:
वीकेंड पर पकोड़ा कढ़ी बनाने की आसान विधि. खट्टी-चटपटी कढ़ी और नरम पकोड़ों का मेल, इसे चावल या रोटी के साथ परोसा जा सकता है. तो चलिये जानते हैं, इसे बनाने का तरीका.
वीकेंड पर घर में कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाने का मन हो तो पकोड़ा कढ़ी एक बेहतरीन विकल्प है. खट्टी-चटपटी कढ़ी और नरम पकोड़ों का मेल हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. इसे गर्मागर्म चावल या रोटी के साथ परोसा जाए तो स्वाद दोगुना हो जाता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान तरीका.
आवश्यक सामग्री
कढ़ी के लिए
1 कप बेसन
2 कप खट्टा दही
5 कप पानी
1 छोटा चम्मच हल्दी
नमक स्वादानुसार
पकोड़ों के लिए
1 कप बेसन
1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
1 हरी मिर्च कटी हुई
1/2 छोटा चम्मच अजवाइन
नमक स्वादानुसार
तेल तलने के लिए
तड़के के लिए
1 बड़ा चम्मच घी
1 छोटा चम्मच जीरा
1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना
2 साबुत लाल मिर्च
चुटकीभर हींग
कुछ करी पत्ते
- बनाने की विधि
सबसे पहले पकोड़े तैयार करें. एक बाउल में बेसन, प्याज, हरी मिर्च, अजवाइन और नमक डालें. थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. कड़ाही में तेल गरम करें और छोटे-छोटे पकोड़े सुनहरे होने तक तल लें. इन्हें निकालकर अलग रख दें. - अब कढ़ी बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंट लें ताकि गांठें न रहें. इसमें हल्दी, नमक और पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें. इस मिश्रण को गैस पर मध्यम आंच पर रखें और लगातार चलाते रहें. जब मिश्रण उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और लगभग 25 से 30 मिनट तक पकने दें. इससे कढ़ी का स्वाद और गाढ़ापन बेहतर हो जाता है.
- जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें तैयार किए हुए पकोड़े डाल दें. पकोड़ों को 10 मिनट तक कढ़ी में रहने दें ताकि वे मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लें.
- अब तड़का तैयार करें. एक छोटे पैन में घी गरम करें. इसमें जीरा, मेथी दाना, हींग, साबुत लाल मिर्च और करी पत्ते डालकर कुछ सेकंड भूनें. तैयार तड़का कढ़ी पर डाल दें. तड़का डालते ही इसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी.
परोसने का तरीका
गर्मागर्म पकोड़ा कढ़ी को सादे चावल, जीरा राइस या तंदूरी रोटी के साथ परोसें. ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
इस वीकेंड अपने परिवार के लिए यह पारंपरिक पकोड़ा कढ़ी जरूर बनाइए और घर पर ही ढाबे जैसा स्वाद पाइए. स्वाद, सुगंध और पौष्टिकता से भरपूर यह व्यंजन हर खाने की मेज की शान बन सकता है.

