Sunday, July 5, 2026
Homeराज्यबिहारभागलपुर में सरकार बाढ़ से पहले अलर्ट: सचिव बोले- गंगा किनारे...

भागलपुर में सरकार बाढ़ से पहले अलर्ट: सचिव बोले- गंगा किनारे 15 दिन में तटबंध काम पूरा हो, मजदूर की संख्या बढ़े – Bhagalpur News




बिहार सरकार ने मानसून के बीच गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित कटाव के मद्देनजर बाढ़ सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को भागलपुर के गंगा तटीय क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने इस्माईलपुर–बिंदटोली तटबंध और झल्लूदास–ज्ञानीदास में चल रहे कटाव निरोधक काम का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी सुरक्षा काम गुणवत्ता के साथ पूरे करने का निर्देश दिया। सचिव ने सबसे पहले रंगरा प्रखंड के झल्लूदास–ज्ञानीदास गांव में गंगा के बाएं तट पर चल रहे कटाव निरोधक काम का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यस्थल पर पर्याप्त मात्रा में बोल्डर और क्रेट उपलब्ध रहें और अभियंता लगातार निगरानी करें। इस स्थान पर 1394 मीटर लंबाई में बोल्डर एप्रन और स्लोप पिचिंग का काम किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गांव को गंगा के कटाव से स्थायी सुरक्षा देना है। मजदूरों की संख्या बढ़ाने का आदेश इसके बाद डॉ. सिंह गोपालपुर प्रखंड स्थित इस्माईलपुर–बिंदटोली तटबंध पहुंचे। उन्होंने स्पर संख्या-8 और 9 के बीच चल रहे सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की और बोल्डरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने, मजदूर और मशीनों की संख्या बढ़ाने के साथ ही दिन-रात काम कर परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। इस परियोजना के तहत 740 मीटर क्षेत्र में बोल्डर एप्रन, स्लोप पिचिंग और तटबंध के टो (Toe) में शीट पाइल लगाने का काम शामिल है। सचिव ने जोर देकर कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा काम का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान, विभागीय अभियंताओं और अधिकारियों को निर्माण काम की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य गंगा किनारे बसे गांवों को बाढ़ और कटाव के खतरे से सुरक्षित रखना है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments