मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। रोज की तरह सुबह पूजा करने मंदिर पहुंचे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक बाजार की है। मृतक की पहचान स्थानीय राम कुमार कुशवाहा(46) के रूप में हुई है। बुक स्टोर चलाने के साथ-साथ पूर्व मुखिया के साथ मिलकर जमीन का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि सुबह पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचे थे। कैंपस के पास घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। 2 गोली मारी गई है। घटनास्थल से 3 खोखे मिले हैं। बुलेट लगते ही जमीन पर गिर पड़े चश्मदीदों के मुताबिक, अपराधियों ने बेहद करीब से गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद राम कुमार कुशवाहा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। राम कुमार कुशवाहा किताब की दुकान संचालित करने के साथ-साथ स्थानीय पूर्व मुखिया के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। हर एंगल से की जा रही है जांच SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शुरुआती जांच के आधार पर मामला व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता या जमीनी रंजिश से जुड़ा होने की प्रबल संभावना है। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही है। अपराधियों की पहचान करने के लिए सघन छापेमारी जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु क्षेत्र में पुलिस बल सतर्क है।
Source link

