Tuesday, June 23, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशइटावा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह पकड़ा: 4 गिरफ्तार, 15 लाख...

इटावा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह पकड़ा: 4 गिरफ्तार, 15 लाख कैश और चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स बरामद – Etawah News


उवैस चौधरी | इटावा4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इटावा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के वाहन और सामान बेचकर कमाए गए 15 लाख 10 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो कार और चोरी की गई डीसीएम के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले हैं। गिरोह का सरगना याहया पुत्र कासिम निवासी नूंह, हरियाणा बताया गया है, जिसका पहले से आपराधिक इतिहास है।

यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम विचारपुरा में हुई एक वाहन चोरी की घटना से जुड़ी है। 20/21 मई 2026 की रात चोरों ने आयशर कंपनी की डीसीएम गाड़ी (संख्या यूपी 75 बी 4436) चुरा ली थी। इस डीसीएम में रेलवे का सामान और कानपुर जा रहे फोम के गद्दे लदे हुए थे। डीसीएम मालिक विपिन कुमार पुत्र ध्यानदास निवासी विचारपुरा की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। 22/23 जून की रात सिविल लाइन पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि चोरी की डीसीएम में शामिल आरोपी एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार से आगरा की ओर से आ रहे हैं और सफारी रोड होते हुए मध्य प्रदेश भागने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने लाइन सफारी रोड पर घेराबंदी की और चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो कार आती दिखाई दी, जिसे रोककर पुलिस ने उसमें सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी याहया और इम्तियाज उर्फ इम्मन उर्फ चैनी के पास से तमंचे और कारतूस बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, आरोपियों के पास से 15 लाख 10 हजार रुपये नकद भी मिले।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह चलाते हैं और अलग-अलग राज्यों में जाकर डीसीएम व भारी वाहनों को चोरी करते हैं। चोरी किए गए वाहनों को कबाड़ियों के माध्यम से कटवाकर उनके पार्ट्स बेच देते हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि विचारपुरा से चोरी की गई डीसीएम में लदे फोम के गद्दे और रेलवे के सामान को बेचकर मिली रकम ही उनके पास बरामद हुई है।

पुलिस ने चोरी की डीसीएम के कई महत्वपूर्ण पार्ट्स भी बरामद किए हैं, जिनमें आयशर कंपनी का केबिन, इंजन, सीएनजी सिलेंडर, फ्रंट एक्सल, क्राउन ट्यूब और रिम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

राजस्थान और हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया गया है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना सिविल लाइन पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा की ओर से उत्साहवर्धन के लिए 20 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments