जयपुर में चाइनीज मांझे से एक स्टूडेंट का गला कटने का मामला सामने आया है। एग्जाम देकर स्टूडेंट बाइक से घर लौट रहा था। मांझे को हटाने के चलते उसकी अंगुठा सहित तीन उंगलियां कट गई। पुलिस की ओर से जख्मी स्टूडेंट का प्राथमिक उपचार करवाया गया है। पुलिस ने बताया- अलवर जिले के गंजखेड़ली निवासी अजय शर्मा वैशाली नगर के गांधी पथ क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। शाम करीब 6:30 बजे हाईकोर्ट सर्किल से लौटते समय रामनगर मेट्रो स्टेशन और सोडाला थाना क्षेत्र के बीच एलिवेटेड रोड पर अचानक हवा में लटका चीनी मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। तेज धार वाले मांझे ने अजय का गला गहराई तक चीर दिया। घबराकर अजय ने बाएं हाथ से मांझा हटाने की कोशिश की, जिससे अंगुठा और दो उंगलियां भी कट गईं। हादसे के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह रोड पर गिर गया। राहगीरों ने कपड़ों से खून रोककर पुलिस को सूचना देने के साथ हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स के मुताबिक घाव सांस की नली के बेहद करीब था। प्राथमिक उपचार के बाद अजय को छुट्टी दे दी गई।
Source link

