Tuesday, June 16, 2026
Homeराज्यबिहारमुजफ्फरपुर में कारोबारी की हत्या, बेटे के सामने मारी गोली: घर...

मुजफ्फरपुर में कारोबारी की हत्या, बेटे के सामने मारी गोली: घर से 100 मीटर पहले फायरिंग, 22 जून को होनी थी बेटे की सगाई; CCTV में भागते दिखे बदमाश – Muzaffarpur News




मुजफ्फरपुर में सोमवार की रात सर्राफा व्यवसायी दीपक कुमार शाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर चौक निवासी दीपक अपनी आभूषण दुकान बंद कर करीब 30 से 35 लाख रुपए के जेवरात लेकर घर लौट रहे थे। घर से महज 100 मीटर पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, जिस जेवरात के बैग को लूटने की आशंका जताई जा रही थी, वह घटनास्थल पर ही सुरक्षित मिला। घटना के कारणों को लेकर पुलिस लूट, असफल छिनतई और आपसी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर, 22 जून को उनके छोटे बेटे की होने वाली सगाई से पहले हुई इस हत्या से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई है। वारदात के बाद मौके से भाग रहे अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई। दुकान बंद कर लौट रहे थे घर मृतक की पहचान माधोपुर चौक पर आभूषण की दुकान चलाने वाले दीपक कुमार शाह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह सोमवार रात करीब 8:15 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके पास कीमती जेवरातों से भरा एक झोला था। सड़क पर नल-जल योजना का काम चलने के कारण वह दूसरे रास्ते से घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों ने उनसे झोला छीनने का प्रयास किया। विरोध होने पर हाथापाई शुरू हो गई और फिर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। बेटे के सामने मारी गई गोली मृतक के बड़े बेटे दुर्गेश कुमार ने बताया कि पिता के साथ उनका भांजा भी था। घटना के दौरान भांजा दौड़कर घर पहुंचा और बताया कि नाना के साथ कुछ लोग झगड़ा कर रहे हैं। इसके बाद परिवार के लोग मौके की ओर भागे। दुर्गेश के अनुसार जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन पर भी हथियार तान दिया। इसी दौरान दीपक शाह ने परिवार को बचाने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उनके सीने में गोली मार दी। दूसरी गोली उनके हाथ में लगी, जो आर-पार होकर कमर के पास जख्म कर गई। वारदात के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल दीपक शाह को तत्काल बैरिया स्थित मां जानकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के संचालक डॉ. अमितांशु ने बताया कि उन्हें अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत अवस्था में लाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जुट गए। माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। पोस्टमार्टम को लेकर घंटों चला हंगामा मौत की पुष्टि के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने इसका विरोध कर दिया। परिजन शव को अस्पताल से लेकर सीधे घर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक परिवार के लोग तैयार नहीं हुए। करीब तीन घंटे तक समझाने-बुझाने और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर मिला जेवरात का बैग और पिस्टल पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां कई अहम साक्ष्य मिले। घटनास्थल के पास ही जेवरात से भरा बैग सुरक्षित अवस्था में मिला। इसके अलावा एक 7 एमएम की पिस्टल भी बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में तीन जिंदा कारतूस मौजूद थे। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, अपराधियों की टोपी और मास्क भी मिले हैं। बरामद सामान को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और कई बिंदुओं पर जांच की। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने गोलीबारी के एंगल, बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। पुलिस को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच से अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। तीन घंटे तक मौके पर डटे रहे अधिकारी वारदात की सूचना मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक कैंप करते रहे। उनके साथ एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार, एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा, एसडीपीओ पश्चिमी-1 अनिमेष चंद्र ज्ञानी समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए काजी मोहम्मदपुर, ब्रह्मपुरा, अहियापुर, सदर, कच्ची-पक्की, तुर्की समेत आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई। इलाके में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी में भागते दिखे बदमाश पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक सीसीटीवी फुटेज में वारदात के बाद अपाचे बाइक पर भागते दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस अब उनके रूट का पता लगाने के लिए अलग-अलग इलाकों के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पहले भी दुकान में हो चुकी थी चोरी मृतक के मामा धर्मेंद्र शाह ने बताया कि करीब दो महीने पहले दीपक शाह की एक दुकान में चोरी हुई थी। इसके बाद से वह रोज दुकान बंद करने के बाद कीमती जेवरात अपने साथ लेकर घर लौटते थे। सोमवार की रात भी वह दुकान के जेवरात लेकर घर जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। इंगेजमेंट की तैयारियों के बीच उजड़ गई खुशियां परिजनों ने बताया कि 22 जून को दीपक के छोटे बेटे रिशु की इंगेजमेंट होने वाली थी। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थी। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना भी शुरू हो गया था। पूरे परिवार में उत्साह का माहौल था। इंगेजमेंट को लेकर दीपक भी काफी खुश थे और तैयारियों में जुटे हुए थे। घर में मेहमान पहुंच चुके थे तथा कार्यक्रम को लेकर चर्चा चल रही थी। लेकिन सोमवार को छिनतई के दौरान अपराधियों ने दीपक को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सभी बिंदुओं पर जांच: सिटी एसपी सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि सर्राफा कारोबारी दीपक शाह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी दो अपराधियों ने उन पर हमला किया। गोली लगने से उनकी मौत हुई है। प्रथम दृष्टया मामला लूट या छिनतई के प्रयास से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन घटनास्थल पर जेवरात से भरा बैग मिलने के कारण अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस लूट, असफल छिनतई, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों समेत सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments