Last Updated:
1980 की मिस इंडिया को दर्शक ‘त्रिदेव’ जैसी हिट फिल्मों में काम से जानते हैं. मगर वह अपनी फिल्मों से ज्यादा अफेयर के चलते सुर्खियों में रहीं. 80 के दशक में सुपरस्टार सलमान खान संग अफेयर के चर्चे थे. वे शादी भी करना चाहते थे, मगर यह रिश्ता अचानक टूट गया. उन्होंने बाद में पूर्व क्रिकेटर से शादी कर ली और बॉलीवुड को छोड़ दिया. साल 2010 में उनका तलाक हो गया. आज वे 65 साल की उम्र में सिंगल हैं.
नई दिल्ली: सलमान खान आज शादीशुदा होते, अगर मशहूर एक्ट्रेस के साथ उनका रिश्ता न टूटा होता. दोनों सितारों के शादी के कार्ड भी छप गए थे. एक्ट्रेस ने सलमान खान से ब्रेकअप के कुछ सालों बाद मशहूर क्रिकेटर से शादी कर ली. मगर वे आज तलाक के बाद सिंगल जिंदगी गुजार रही हैं. हम 80 के दशक की ग्लैमरस एक्ट्रेस और पूर्व मिस इंडिया संगीता बिजलानी की बात कर रहे हैं.

संगीता बिजलानी का जन्म 9 जुलाई 1960 को मुंबई में हुआ था. उन्होंने छोटी उम्र में ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया था और बहुत कम समय में एक टॉप मॉडल बन गईं. उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साल 1980 में आया, जब उन्होंने ‘मिस इंडिया’ का खिताब अपने नाम किया. इसके बाद, उन्होंने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत को रीप्रेजेंट किया, जहां भले ही वह सेमीफाइनल तक न पहुंच पाई हों, लेकिन अपनी खूबसूरती से सबका दिल जरूर जीत लिया.

मिस इंडिया बनने के बाद संगीता के लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुल गए. उन्होंने साल 1988 में फिल्म ‘कातिल’ से आदित्य पंचोली के अपोजिट डेब्यू किया. इसके अगले ही साल, यानी 1989 में आई मल्टीस्टारर फिल्मों ‘त्रिदेव’ और ‘हथियार’ ने उन्हें रातों-रात मशहूर कर दिया. उन्होंने कामयाबी के बाद ‘हातिम ताई’ और ‘गुनाहों का देवता’ जैसी कई फिल्मों में काम किया, जिससे इंडस्ट्री में उनकी एक खास पहचान बन गई.
Add News18 as
Preferred Source on Google

संगीता ने 1990 के शुरुआती सालों में ‘पाप की कमाई’, ‘खून का कर्ज’ और ‘गुनहगार कौन’ जैसी कई फिल्में कीं. हालांकि, इन फिल्मों से वह पर्दे पर लगातार नजर तो आती रहीं, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक कोई खास कमाल नहीं दिखा सकीं. उनका फिल्मी ग्राफ धीरे-धीरे नीचे गिरने लगा और वह अपनी शुरुआती ब्लॉकबस्टर फिल्मों जैसी सफलता को दोहरा नहीं पाईं.

संगीता की निजी जिंदगी खूब चर्चा में रही. 1980 के दशक में उनकी मुलाकात सलमान खान से हुई और दोनों का अफेयर उस दौर का सबसे चर्चित रोमांस बन गया. बात शादी तक पहुंच चुकी थी, साल 1994 में शादी की तारीख तय हो गई और कार्ड भी छप चुके थे. लेकिन ऐन वक्त पर यह रिश्ता टूट गया. बाद में एक्ट्रेस सोमी अली ने खुलासा किया था कि संगीता ने सलमान को उनके साथ रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद यह शादी कैंसिल हो गई.

सलमान और संगीता का ब्रेकअप उस दौर की सबसे बड़ी खबर बना और इससे संगीता का दिल भी टूटा, लेकिन समय के साथ दोनों ने इस कड़वाहट को भुला दिया. आज इतने सालों बाद भी सलमान और संगीता के बीच एक खूबसूरत और मजबूत दोस्ती है. संगीता अक्सर सलमान के फंक्शन्स और उनके बर्थडे पर नजर आती हैं, जो यह दिखाता है कि दोनों आज भी एक-दूसरे का कितना सम्मान करते हैं.

सलमान से अलग होने के बाद संगीता की जिंदगी में पूर्व भारतीय क्रिकेट कैप्टन मोहम्मद अजहरुद्दीन आए. दोनों ने साल 1996 में शादी कर ली. क्रिकेट और बॉलीवुड के इस मिलन ने खूब सुर्खियां बटोरीं. शादी के बाद संगीता ने फिल्मों और लाइमलाइट से पूरी तरह दूरी बना ली और अपनी शादीशुदा जिंदगी में बिजी हो गईं. यह रिश्ता करीब 14 साल तक चला, लेकिन आपसी मतभेदों के कारण साल 2010 में दोनों का तलाक हो गया.

अजहरुद्दीन से साल 2010 में अलग होने के बाद संगीता ने दोबारा शादी नहीं की. आज 65 साल की उम्र में वह सिंगल हैं और अपनी इस प्राइवेसी को खूब एन्जॉय करती हैं. वह फिल्मी चकाचौंध से दूर अपनी फिटनेस, वेलनेस और ट्रैवलिंग पर पूरा ध्यान देती हैं. संगीता सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ अपनी हेल्दी लाइफस्टाइल की खूबसूरत तस्वीरें शेयर करती रहती हैं.

