Last Updated:
जब गैंगस्टर फिल्म के बाद कंगना रनौत का करियर नीचे जा रहा था, तब इस फिल्म ने उनकी किस्मत हमेशा के लिए बदल दी. अनुपम खेर के शो में कंगना का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि कैसे ‘शोनाली गुजराल’ के रोल के लिए उन्होंने घर में दिन-रात हाई हील्स पहनने से लेकर कोकीन एडिक्ट्स पर रिसर्च तक की थी. देखिए कंगना के इस मुश्किल दौर और उनके पहले नेशनल अवॉर्ड के सफर की पूरी कहानी.
कंगना रनौत इन दिनों अपनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’को लेकर चर्चा में हैं.इसी बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. कंगना आज बॉलीवुड की सबसे टैलेंटेड और बेबाक एक्ट्रेसेस में से एक हैं.लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब शुरुआती हिट्स के बाद उनका करियर ग्राफ तेजी से नीचे गिर रहा था. इस मुश्किल दौर में मधुर भंडारकर की फिल्म ‘फैशन’ कंगना के लिए एक लाइफ-चेंजर साबित हुई. इस बारे में उन्होंने खुलासा किया है कि कैसे इस एक फिल्म को पाने के लिए उन्होंने दिन-रात एक कर दिया था और ड्रग एडिक्ट मॉडल का रोल निभाने के लिए कितनी खतरनाक तैयारी की थी.

आज कंगना भले ही टॉप एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हों, लेकिन करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें एक बड़े ब्रेक की जरूरत थी. ‘गैंगस्टर’ और ‘वो लम्हे’ जैसी फिल्मों से पहचान मिलने के बाद भी उनका करियर वैसी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा था जैसी उन्होंने उम्मीद की थी.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘द अनुपम खेर शो- कुछ भी हो सकता है’ के एक क्लिप में कंगना ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि उस वक्त उन्हें लगने लगा था कि उनका करियर धीरे-धीरे नीचे जा रहा है और खुद को साबित करने के लिए यह उनका आखिरी मौका हो सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कंगना ने इंटरव्यू में माना कि ‘फैशन’ उनके हाथ लगा एक बहुत बड़ा चांस था. लेकिन इसके साथ ही उनके मन में एक गहरा डर भी था कि अगर इस फिल्म में उनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा, तो इंडस्ट्री में उनके लिए आगे के सारे रास्ते हमेशा के लिए बंद हो सकते हैं.

फिल्म में एक सुपरमॉडल ‘शोनाली गुजराल’ का रोल परफेक्ट तरीके से पर्दे पर उतारने के लिए कंगना ने जी-जान लगा दी. उन्होंने बताया कि मॉडल की चाल-ढाल को बारीकी से समझने के लिए वह घर पर भी चौबीसों घंटे ऊंची हील्स पहनकर चलने की प्रैक्टिस करती थीं.

फिल्म में उनका किरदार ड्रग्स की लत के कारण बर्बाद हो जाता है. इस रोल में जान फूंकने के लिए कंगना ने सिगरेट पीने के स्टाइल की प्रैक्टिस की, नशे के साइड-इफेक्ट्स पर रिसर्च की और उन लोगों से भी मुलाकात की जो कभी कोकीन की लत का शिकार रह चुके थे.

कंगना ने बताया कि उनके दिमाग में बस एक ही बात घूम रही थी कि यह उनके करियर की आखिरी बड़ी लड़ाई है. इसी प्रेशर और डर ने उन्हें लगातार मेहनत करने के लिए मोटिवेट किया. उन्होंने पूरी लगन और ईमानदारी के साथ इस रोल को जिया.

जब ‘फैशन’ रिलीज हुई, तो कंगना के अभिनय ने हर तरफ तहलका मचा दिया. ऑडियंस से लेकर फिल्म क्रिटिक्स तक, हर कोई उनका दीवाना हो गया. कंगना की इस कमाल की एक्टिंग के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला.

इस कल्ट फिल्म में कंगना के साथ लीड रोल में प्रियंका चोपड़ा थीं. प्रियंका के काम को भी फैंस ने खूब पसंद किया था और उन्हें इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला था. इन दोनों एक्ट्रेसेस की जोड़ी ने इस फिल्म को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.

