लखनऊ के नाका क्षेत्र में ठग ने दिल्ली निवासी सराफ का मोबाइल चोरी कर उसके क्रेडिट कार्ड से 7.80 लाख रुपये निकाल लिए। वहीं कृष्णानगर में साइबर जालसाज ने पीएसी कर्मचारी के खाते से 1.89 लाख रुपये उड़ा दिए। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली के बुराड़ी निवासी सराफ अंकुर पाल ने नाका थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अंकुर के मुताबिक वह कुछ दिन पहले नाका स्थित अपने रिश्तेदार के घर आए थे। इसी दौरान घर के पास किसी ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया। काम खत्म होने के बाद वह दिल्ली लौट गए। वहां नया सिम लेकर मोबाइल चालू किया तो दो क्रेडिट कार्ड से 7.80 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। अंकुर ने बैंक स्टेटमेंट की जांच की तो पता चला कि किसी ने अमेजन एप के जरिए रकम निकाल ली है। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और लखनऊ आकर नाका थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। पीएसी कर्मचारी के खाते से निकाले 1.89 लाख कृष्णानगर के हरिओम नगर निवासी पीएसी कर्मचारी जय नारायण गुप्ता ने साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। जय नारायण के अनुसार जालसाजों ने उनके मोबाइल के जरिए 29 मई से एक जून के बीच कई ट्रांजेक्शन कर खाते से 1.89 लाख रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने कृष्णानगर थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Source link
मोबाइल चोरी कर क्रेडिट कार्ड से निकाले 7.80 लाख: लखनऊ आया था दिल्ली का सर्राफ, पीएसी कर्मचारी के खाते से भी 1.89 लाख पार – Lucknow News
RELATED ARTICLES

