कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम विलायत कला में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही शासकीय शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। खमतरा तिराहे पर स्थित इस दुकान को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर दुकान नहीं हटाई गई, तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करेंगे। ग्रामीणों ने तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को क्षेत्र की संवेदनशील भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया। उनका आरोप है कि यह शराब दुकान राष्ट्रीय राजमार्ग-43 और विलायत कला-स्लीमनाबाद स्टेट हाईवे के संगम पर स्थित है। नियमों के अनुसार, राजमार्गों के इतने करीब शराब दुकानों का संचालन प्रतिबंधित है, लेकिन यहां इन नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सड़क के बिल्कुल किनारे दुकान होने के कारण दिनभर शराब पीने वालों और वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे दोनों ही महत्वपूर्ण मार्गों पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यातायात बाधित होता है। सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे स्थानीय ग्रामीण संतोष चौधरी ने बताया कि इस गंभीर समस्या के बारे में स्थानीय प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। यदि सात दिन में दुकान स्थानांतरित नहीं हुई, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेंगे। आए दिन हो रहे हादसे ज्ञापन सौंपने आए ग्रामीण दीपक सिंह ने जानकारी दी कि तिराहे पर शराब दुकान होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। शराब के नशे में धुत वाहन चालक और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन अनियंत्रित यातायात का कारण बन रहे हैं। स्थानीय महिलाओं और स्कूली बच्चों का इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है, और शाम होते ही असामाजिक तत्वों के जमावड़े से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
Source link
विलायत कला में शराब दुकान हटाने की मांग: नेशनल-स्टेट हाईवे पर जाम, दुर्घटनाओं के कारण ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन – Katni News
RELATED ARTICLES

