Thursday, June 4, 2026
Homeबिज़नेसकटरा- देहरादून को एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी, NCR को जाम से...

कटरा- देहरादून को एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी, NCR को जाम से मिलेगी राहत


Last Updated:

दिल्ली-NCR में रोजाना लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है. केंद्र और दिल्ली सरकार कई नए एक्सप्रेसवे, टनल और एलिवेटेड रोड परियोजनाओं पर तेजी से काम आगे बढ़ा रही हैं. इन प्रोजेक्ट्स के जरिए दिल्ली को कटरा, देहरादून, गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. सरकार का दावा है कि आने वाले समय में राजधानी में सफर तेज, आसान और काफी हद तक सिग्नल-फ्री हो जाएगा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

गुरुग्राम से देहरादून और कटरा तक सफर होगा आसान, बनेगा हाई-स्पीड कॉरिडोर. (Representative Image:AI)

नई दिल्ली. दिल्ली और एनसीआर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार बड़े स्तर पर नई सड़क और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर काम तेज करने जा रही है. आने वाले वर्षों में दिल्ली को कटरा, देहरादून, गुरुग्राम और नोएडा से जोड़ने वाले कई नए हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इन परियोजनाओं का मकसद राजधानी की सड़कों पर दबाव कम करना और लोगों के सफर को तेज और आसान बनाना है. अधिकारियों के मुताबिक कई प्रोजेक्ट्स पर काम 2026 के आखिर और 2027 की शुरुआत तक शुरू हो सकता है.

दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे से मिलेगा सीधा कनेक्शन
सरकार की सबसे अहम योजनाओं में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे को अर्बन एक्सटेंशन रोड-II यानी UER-II से जोड़ने वाला नया कॉरिडोर शामिल है. करीब 17 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला यह प्रोजेक्ट लगभग 1,500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा. इसके बनने से दिल्ली, गुरुग्राम, IGI एयरपोर्ट और द्वारका एक्सप्रेसवे तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे भारी वाहनों को भी शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों से गुजरने की जरूरत कम पड़ेगी. अधिकारियों का मानना है कि इससे दिल्ली-NCR में ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो सकता है.

देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगे कई इलाके
एक और बड़ा प्रोजेक्ट UER-II को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ने का है. करीब 3,500 करोड़ रुपये की लागत वाले इस कॉरिडोर की लंबाई लगभग 17 किलोमीटर होगी. इसके जरिए द्वारका, रोहिणी, पंजाबी बाग और गुरुग्राम से देहरादून एक्सप्रेसवे तक सीधे पहुंचा जा सकेगा. अधिकारियों के अनुसार इससे IGI एयरपोर्ट, मुकरबा चौक, सिंघु बॉर्डर और आश्रम-बदरपुर जैसे ट्रैफिक प्रभावित इलाकों पर दबाव कम होगा. सरकार की योजना है कि इस परियोजना पर काम 2026 के अंत तक शुरू हो जाए.

टनल और एलिवेटेड रोड से सफर होगा सिग्नल-फ्री
दिल्ली में ट्रैफिक कम करने के लिए सिर्फ एक्सप्रेसवे ही नहीं बल्कि नई टनल और एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाएं भी तैयार की जा रही हैं. शिव मूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक करीब 8 किलोमीटर लंबी छह लेन की टनल बनाने का प्रस्ताव है. लगभग 7,000 करोड़ रुपये की लागत वाली यह टनल द्वारका एक्सप्रेसवे से वसंत कुंज तक सिग्नल-फ्री यात्रा उपलब्ध कराएगी. इससे महिपालपुर, धौला कुआं और रंगपुरी जैसे इलाकों में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है. इसके अलावा AIIMS से गुरुग्राम तक 20 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर भी प्रस्तावित है, जो राजधानी के कई व्यस्त इलाकों को तेज कनेक्टिविटी देगा.

नोएडा-फरीदाबाद कॉरिडोर पर भी फोकस
सरकार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को नोएडा और फरीदाबाद से जोड़ने के लिए भी बड़ा कॉरिडोर तैयार करने की योजना बना रही है. करीब 65 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 7,500 करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह मार्ग दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, DND, यमुना एक्सप्रेसवे और फरीदाबाद को जोड़ने का काम करेगा. इसके अलावा कालिंदी कुंज इंटरचेंज परियोजना पर भी काम बढ़ाया जा रहा है, जिससे दिल्ली-नोएडा-फरीदाबाद रूट पर ट्रैफिक का बहाव बेहतर होगा. सरकार का दावा है कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली-NCR में यात्रा पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी.

About the Author

authorimg

Rakesh Singh

Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments