राजगढ़ जिले में 12 वर्षीय मासूम के साथ बाल विवाह, खरीद-फरोख्त और दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित पति, दुष्कर्म के आरोपी और बच्ची को प्रताड़ित करने वालों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता की जनवरी 2025 में अत्यधिक शराब सेवन से मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां की दूसरी शादी गुना निवासी पवन उर्फ परमाल गुर्जर से करा दी गई। आरोपी मां और बच्ची को राजगढ़ लेकर आया। यहां 3 फरवरी 2025 को 12 वर्षीय बच्ची की शादी 26 वर्षीय भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर से करवा दी गई। जांच में सामने आया कि इस बाल विवाह के बदले आरोपियों ने 8 लाख रुपए नकद और करीब 4 लाख रुपए के जेवर लिए थे। पति समेत अन्य लोगों ने किया दुष्कर्म
शादी के बाद मासूम की जिंदगी नरक बन गई। पुलिस के मुताबिक शादी की पहली रात ही कथित पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी पवन गुर्जर ने भी कई बार बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। कुछ समय बाद वह पीड़िता की मां को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद मां की तीसरी शादी राजस्थान में करा दी गई और बच्ची को राजगढ़ में शैतानबाई नाम की महिला के घर छोड़ दिया गया। यहां बच्ची से घर का सारा काम कराया जाता था। इसी दौरान आरोपी देवराज गुर्जर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। मासूम लंबे समय तक प्रताड़ना सहती रही, लेकिन डर और दबाव के कारण कुछ बोल नहीं पाई। जानकारी लगते ही पुलिस ने काउंसलिंग की
मामले का खुलासा तब हुआ जब कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू मखेनिया के संज्ञान में यह जानकारी पहुंची। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर काउंसिलिंग की। भरोसा मिलने पर उसने अपनी पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगह दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना कोतवाली राजगढ़ में अपराध क्रमांक 350/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में भोला उर्फ भोलाराम, देवराज गुर्जर, सागर गुर्जर, शैतानबाई और पीड़िता की मां शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी पवन उर्फ परमाल गुर्जर निवासी लहरचा चक, थाना चाचौड़ा जिला गुना फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूरे मामले की कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया सहित कालीपीठ, मलावर और सुठालिया थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link
12 साल की लड़की का 12 लाख में सौदा: कई लोगों ने दुष्कर्म किया, पति समेत 5 आरोपी; मां भी साजिश में शामिल रही – rajgarh (MP) News
RELATED ARTICLES

