मऊ में मंडलायुक्त विवेक और डीआईजी सुनील सिंह ने बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकरीद पर्व के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया और कहा कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया। डीआईजी सुनील सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जनपद के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त और भ्रमण करने तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने को कहा। डीआईजी ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निकाय अधिकारियों को ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं और एंबुलेंस सेवाएं सक्रिय रखने को कहा गया। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खुले स्थानों पर कुर्बानी न करने और कुर्बानी के अवशेषों का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने तथा स्थानीय धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू, समस्त उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
बकरीद पर्व की तैयारियों पर समीक्षा बैठक: मऊ में मंडलायुक्त और डीआईजी ने अधिकारियों को दिए निर्देश – Mau News
RELATED ARTICLES

