लखीमपुर खीरी। गोला पुलिस ने गोकशी के मामले में वांछित दो शातिर अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोला पुलिस को सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, गोकशी के मामले में वांछित आरोपी अलीगंज-गोला रोड से होकर गुजरने वाले थे। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिद्धनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की।पुलिस के मुताबिक, जब आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया, तो वे मोटरसाइकिल से भागने लगे। हालांकि, उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसी दौरान आरोपी नदीम ने पुलिस टीम पर देशी तमंचे से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली नदीम के पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। दूसरा आरोपी शीबू भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम पुत्र रफीउल्ला और शीबू पुत्र रफीउल्ला के रूप में हुई है, जो ग्राम भुडवारा, थाना गोला के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अतिरिक्त, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले गंडासा, बांका, चाकू, कुल्हाड़ी, रस्सी, तराजू और अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी थाना गोला में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इनके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और गोवध अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।गोला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
गोकशी गिरोह के दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार: लखीमपुर-खीरी में एक के पैर में लगी गोली, तमंचा और हथियार बरामद – Lakhimpur-Kheri News
RELATED ARTICLES

