- Hindi News
- International
- Iran US War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump Tehran Enriched Uranium | Hormuz Strait Pakistan
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मैंने ईरान के प्रतिनिधियों का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसे स्वीकर नहीं किया जा सकता।” इससे पहले भी ट्रम्प ने ईरान पर खेल खेलने का आरोप लगाया था।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तेहरान ने रविवार को पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को अपना नया प्रस्ताव भेजा। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्ताव में युद्ध खत्म करने, फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रतिबंध हटाने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की बात कही गई थी।
अमेरिका ने इस हफ्ते ईरान को 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा था। इसके तहत ईरान को कम से कम 12 साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकना होगा और अपने पास मौजूद करीब 440 किलो 60% एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंपना होगा।
इसके बदले अमेरिका प्रतिबंधों में ढील देगा, ईरान की फ्रीज की गईं अरबों डॉलर की संपत्तियां छोड़ेगा, साथ ही ईरानी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और हाईली एनरिच्ड यूरेनियम पर पूरी तरह समझौता करने को तैयार नहीं है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका जवाब सकारात्मक और व्यावहारिक है और अब फैसला अमेरिका को करना है। दोनों देशों ने 8 अप्रैल से लागू सीजफायर खत्म होने की घोषणा नहीं की है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
1. तेल की कीमतों में बड़ा उछाल: अमेरिका के ईरान का प्रस्ताव ठुकराने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 104 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। होर्मुज संकट के चलते सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी।
2. लेबनान में इजराइली हमले तेज, मेडिकल कर्मी भी निशाने पर: दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हमलों में 39 लोगों की मौत हुई। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 2 मार्च से अब तक 103 मेडिकल कर्मी मारे जा चुके हैं। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि इजराइल गाजा जैसी रणनीति अपना रहा है।
3. होर्मुज में तनाव बढ़ा, जहाजों की आवाजाही प्रभावित: अमेरिका ने दावा किया कि नाकेबंदी के बाद 65 जहाजों ने रास्ता बदला। वहीं कतर, दक्षिण कोरिया और दूसरे देशों के जहाजों पर हमले और रुकावट की घटनाएं सामने आईं।
4. ईरान बोला- होर्मुज में दखल दिया तो जवाब देंगे: ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका, फ्रांस या ब्रिटेन ने होर्मुज स्ट्रेट में सैन्य दखल बढ़ाया तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंध मानने वाले देशों को भी होर्मुज में दिक्कत की चेतावनी दी।
5. ईरान जंग का असर खाड़ी देशों तक पहुंचा: UAE और कुवैत में ड्रोन अलर्ट जारी हुआ। कतर के पास मालवाहक जहाज पर हमला हुआ, जबकि UAE ने दो ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया। क्षेत्र में सुरक्षा चिंता लगातार बढ़ रही है।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
05:30 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
लिथुआनिया होर्मुज में सैनिक भेजेगा
लिथुआनिया ने होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा के लिए सैनिक भेजने की योजना बनाई है। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, देश की सर्वोच्च सुरक्षा परिषद ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा मिशन में शामिल होने को मंजूरी दे दी है।
इस योजना के तहत लिथुआनिया करीब 40 लोगों को भेज सकता है, जिनमें सैनिक और सिविल डिफेंस कर्मचारी शामिल होंगे। ये लोग होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा से जुड़े ऑपरेशन में हिस्सा लेंगे।
हालांकि, इस योजना को लागू करने से पहले संसद की मंजूरी जरूरी होगी।
05:22 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- होर्मुज में फंसे जहाज निकालने का मिशन फिर शुरू हो सकता है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अभी भी चल रही है, लेकिन दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं।
फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रम्प ने दावा किया कि ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका से कहा है कि बमबारी में तबाह हुए परमाणु ठिकानों से न्यूक्लियर डस्ट यानी रेडियोधर्मी मलबा निकालने का काम अमेरिका को करना होगा। ट्रम्प के मुताबिक, ईरान ने कहा कि उसके पास ऐसा करने की तकनीक नहीं है।
ट्रम्प ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि अमेरिका ईरान के अंदर जाकर यह काम कैसे करेगा। इस मुद्दे पर आगे और बातचीत करनी होगी।
उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान को परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं देगा। ट्रम्प ने कहा, “मेरे पास योजना है और बहुत आसान योजना है ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए।
हालांकि, ईरान लगातार इन आरोपों से इनकार करता रहा है और कहता है कि उसका परमाणु कार्यक्रम सिर्फ शांतिपूर्ण मकसद के लिए है।
ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान सैन्य रूप से काफी कमजोर हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो बची हुई ताकत को भी बहुत जल्दी खत्म किया जा सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के जवाबी प्रस्ताव को बेवकूफी भरा बताते हुए कहा कि कोई भी देश ऐसे प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेगा। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि ईरान के साथ कूटनीतिक समझौते की संभावना अभी भी बनी हुई है।
ट्रम्प ने कहा कि दोनों देश कई बार समझौते के करीब पहुंचे, लेकिन हर बार बातचीत टूट गई। उन्होंने ईरानी लीडरशिप को भरोसे लायक नहीं बताया।
सीजफायर पर बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम बेहद कमजोर स्थिति में है। उन्होंने इसकी तुलना ऐसे मरीज से की जिसकी बचने की संभावना सिर्फ 1 प्रतिशत हो।
इसके अलावा ट्रम्प ने कहा कि वह प्रोजेक्ट फ्रीडम नाम के अमेरिकी ऑपरेशन को फिर शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। इस ऑपरेशन का मकसद होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालना था। यह मिशन पिछले हफ्ते शुरू होने के कुछ समय बाद रोक दिया गया था।
ट्रम्प ने अमेरिका में बढ़ती पेट्रोल कीमतों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह कुछ समय के लिए फेडरल गैस टैक्स हटाने पर विचार कर रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। हालांकि, इसके लिए अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी।
05:09 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में ईसाई प्रतिमा का अपमान करने वाले इजराइली सैनिकों को सजा
दक्षिणी लेबनान में एक ईसाई प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले इजराइली सैनिक को 21 दिन की सैन्य जेल की सजा दी गई है।
इजराइली सेना ने बताया कि घटना का वीडियो बनाने वाले दूसरे सैनिक को भी 14 दिन की सैन्य जेल की सजा मिली है।
सेना ने कहा कि वह इस घटना को गंभीरता से देखती है और सभी धर्मों तथा पूजा की आजादी का सम्मान करती है।
इजराइली सेना पर गाजा और दूसरे इलाकों में चर्चों और मस्जिदों सहित कई धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं।
हाल ही में दक्षिणी लेबनान में एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें एक इजराइली सैनिक यीशु मसीह की प्रतिमा को तोड़ता दिखाई दिया था।

लेबनान में एक इजराइली सैनिक ने ईसाई धर्म से जुड़ी प्रतिमा का अपमान किया था।
04:56 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोले- अमेरिका और ईरान बड़ा युद्ध नहीं चाहते
कतर यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय मामलों के प्रोफेसर अब्दुल्ला बन्नदार अल-एतैबी का कहना है कि अमेरिका और ईरान दोनों ही इस समय बड़ा युद्ध नहीं चाहते।
उन्होंने अल जजीरा से कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर अभी भी बड़ा मतभेद है और कोई भी पक्ष आसानी से झुकने को तैयार नहीं दिख रहा।
अल-एतैबी के मुताबिक, आने वाले समय में छोटे-मोटे हमले और तनाव जारी रह सकते हैं, ताकि एक-दूसरे पर बातचीत के लिए दबाव बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि आखिर में समझौता तभी संभव होगा, जब किसी एक पक्ष पर ज्यादा दबाव पड़े और वह कुछ रियायत देने को तैयार हो।
04:46 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटेन ने ईरान से जुड़े 12 लोगों पर प्रतिबंध लगाए
ब्रिटेन ने ईरान से जुड़े 12 लोगों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाए हैं। ब्रिटेन का कहना है कि ये लोग ऐसी गतिविधियों में शामिल थे, जिनसे देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।
सरकार ने इन लोगों की संपत्ति फ्रीज करने का फैसला लिया है। इसके अलावा, उन पर ब्रिटेन आने-जाने की रोक भी लगाई गई है। कुछ लोगों के खिलाफ कारोबार और कंपनियों से जुड़ी पाबंदियां भी लगाई गई हैं।
04:32 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान के कट्टरपंथी नेता आखिरकार झुकेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को दावा किया है कि ईरान के कट्टरपंथी नेता आखिरकार झुक जाएंगे। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, ट्रम्प ने कहा कि वह ईरान के साथ तब तक सख्ती से पेश आते रहेंगे, जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता।
जब उनसे अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मैं उनसे तब तक निपटूंगा, जब तक वे समझौता नहीं कर लेते।
04:10 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
वेस्ट बैंक को लेकर इजराइल और EU में विवाद
इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने वेस्ट बैंक में यहूदी बसने वालों पर यूरोपीय संघ (EU) के प्रतिबंधों का विरोध किया है।
उन्होंने कहा कि EU ने बिना सही वजह के इजराइली लोगों और संगठनों पर कार्रवाई की है। यह फैसला राजनीति से प्रेरित है।
गिदोन सार ने कहा कि इजराइल अपने लोगों के वेस्ट बैंक में बसने के अधिकार का समर्थन करता रहेगा।
दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार कब्जे वाले फिलिस्तीनी इलाकों में इजराइली बस्तियां अवैध मानी जाती हैं।
03:41 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ओमान ने होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही की मांग की
ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में समुद्री रास्तों और खासकर होर्मुज संकट पर चर्चा की।
ओमान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अल बुसैदी ने कहा कि सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री कानून का पालन करना चाहिए। मौजूदा संकट को बातचीत और शांतिपूर्ण तरीके से हल करने की जरूरत है।
अलग से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अल बुसैदी ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जहाजों को सुरक्षित तरीके से निकालने के लिए तुरंत मानवीय पहल शुरू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह काम खाड़ी से जुड़े देशों के सहयोग से किया जाना चाहिए।
03:19 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोले- होर्मुज बंद रहा तो हर हफ्ते 10 करोड़ बैरल तेल की कमी होगी
सऊदी अरब की तेल कंपनी अरामको के CEO अमीन नासिर ने चेतावनी दी है कि अगर मौजूदा रुकावटें जारी रहीं, तो दुनिया के बाजार में हर हफ्ते करीब 10 करोड़ बैरल तेल की कमी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि होर्मुज में हालात सामान्य नहीं हुए, तो इसका असर अगले साल तक रह सकता है।
अमीन नासिर के मुताबिक, पहले हर दिन करीब 70 जहाज इस समुद्री रास्ते से गुजरते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर सिर्फ 2 से 5 रह गई है।
होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल सप्लाई रास्तों में से एक है। मिडिल ईस्ट के कई बड़े तेल उत्पादक देश इसी रास्ते से दुनिया भर में तेल भेजते हैं।

सऊदी अरामको सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी है। इसे दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में गिना जाता है।
03:02 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली करेंसी 32 साल में सबसे मजबूत स्तर पर
इजराइल की करेंसी शेकेल इन दिनों काफी मजबूत हो गई है। डॉलर के मुकाबले इसकी कीमत करीब 2.90 तक पहुंच गई है, जो 1993 के बाद सबसे मजबूत स्तर माना जा रहा है।
इजराइल के सेंट्रल बैंक के डिप्टी गवर्नर एंड्रयू अबिर ने कहा कि फिलहाल बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में दखल देने की जल्दी में नहीं है। यानी अभी बैंक डॉलर खरीदकर या बाजार में हस्तक्षेप करके शेकेल को कमजोर करने की कोशिश नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि मजबूत शेकेल का फायदा यह है कि इससे महंगाई को काबू में रखने में मदद मिलती है। जब देश की करेंसी मजबूत होती है, तो बाहर से आने वाला सामान सस्ता पड़ता है और कीमतें ज्यादा नहीं बढ़तीं।
हालांकि, अबिर ने यह भी कहा कि बाजार के लोग मौजूदा हालात को लेकर जरूरत से ज्यादा भरोसे में हैं। उनका इशारा मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और सुरक्षा हालात की ओर था।
02:40 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने मिडिल ईस्ट में शांति के लिए चीन की योजना का समर्थन किया
ईरान ने मिडिल ईस्ट में शांति के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की चार सूत्रीय योजना का समर्थन किया है।
चीन में ईरान के राजदूत अब्दोलरेजा रहमानी फजली ने कहा कि तेहरान इस योजना के जरिए फारस की खाड़ी क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और साझा विकास चाहता है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी चर्चा हुई थी। इससे पहले बीजिंग में UAE के राष्ट्रपति जायद अल नहयान से मुलाकात के दौरान शी जिनपिंग ने मिडिल ईस्ट में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए चार सूत्रीय प्रस्ताव रखा था।
इस प्रस्ताव में मुख्य रूप से चार बातें शामिल हैं-
- सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाए।
- तनाव और संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिए हल किया जाए।
- आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और मानवीय संकट को कम किया जाए।
- मिडिल ईस्ट में लंबे समय तक शांति और साझा विकास के लिए देशों के बीच सहयोग बढ़ाया जाए।
02:24 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमलों से लेबनान में अब तक 2,869 लोगों की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 2 मार्च से फिर शुरू हुई लड़ाई के बाद इजराइली हमलों में अब तक कम से कम 2,869 लोगों की मौत हो चुकी है। मंत्रालय के मुताबिक, इन हमलों में 8,730 लोग घायल भी हुए हैं।
02:06 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोले- अमेरिका बातचीत के नाम पर समय बर्बाद कर रहा
ईरान के यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर मोस्तफा खोशचेश्म ने कहा है कि ईरान को लगता है कि अमेरिका बातचीत को गंभीरता से नहीं ले रहा और सिर्फ समय निकाल रहा है।
अल जजीरा से बातचीत में उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन की मांगें बहुत ज्यादा और अवास्तविक हैं। अमेरिका बातचीत में वह हासिल करना चाहता है जो वह युद्ध में नहीं कर पाया।
उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा बातचीत के लिए तैयार रहा है और उसने कभी बातचीत का रास्ता नहीं छोड़ा। लेकिन अमेरिका गंभीर बातचीत नहीं करना चाहता।
प्रोफेसर ने यह भी कहा कि अगर ईरान पर फिर से युद्ध थोपा गया, तो देश जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले हफ्ते फारस की खाड़ी में हुई झड़पों ने दिखा दिया है कि ईरान किसी भी हमले का जवाब पूरी ताकत से देने की तैयारी में है।
01:50 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- आयरन डोम ने 99% मिसाइलें रोकीं
इजराइल ने दावा किया है कि उसका आयरन डोम डिफेंस सिस्टम मिसाइलों को रोकने में लगभग 99% सफल रहा है।
इजराइल की सरकारी रक्षा कंपनी राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स के चेयरमैन युवाल स्टाइनिट्ज ने कहा कि हमास, हिजबुल्लाह और ईरान की ओर से दागी गई ज्यादातर मिसाइलों को हवा में ही रोक दिया गया।
उन्होंने बताया कि ईरान की तरफ से दागी गई करीब 1,500 बैलिस्टिक मिसाइलों में से केवल कुछ दर्जन मिसाइलें ही इंटरसेप्ट होने से बच पाईं।
स्टाइनिट्ज के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में इजराइल पर हुए हमले के बाद से गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्लाह ने इजराइल की ओर करीब 40 हजार रॉकेट दागे हैं।
12:55 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
कतर के पूर्व PM बोले- खाड़ी देशों को बाहरी दुश्मन से ज्यादा एकता की कमी से खतरा
कतर के पूर्व प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख हमद बिन जासिम अल थानी ने कहा है कि अमेरिका और इजराइल का ईरान के खिलाफ युद्ध अचानक शुरू नहीं हुआ, बल्कि यह मिडिल ईस्ट को बदलने की लंबे समय से चली आ रही इजराइली योजना का हिस्सा है।
अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में शेख हमद ने कहा कि इस युद्ध का सबसे खतरनाक असर होर्मुज पर दिख रहा है। उनके मुताबिक, ईरान अब इस अहम समुद्री रास्ते को अपने नियंत्रण वाले इलाके की तरह देख रहा है, जिससे दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।
उन्होंने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर आरोप लगाया कि वह “ग्रेटर इजराइल” की सोच को आगे बढ़ाना चाहते हैं। शेख हमद ने कहा कि नेतन्याहू लंबे समय से अमेरिका को ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल करने की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि खाड़ी देशों के लिए सबसे बड़ा खतरा बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि आपसी एकता की कमी है। इसी वजह से उन्होंने “गल्फ नाटो” जैसे साझा रक्षा गठबंधन बनाने की जरूरत बताई।
12:33 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
कतर का दूसरा LNG जहाज होर्मुज से गुजरा
कतर का दूसरा LNG टैंकर होर्मुज से गुजर रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मिहजेम नाम का यह जहाज कतर के रस लाफान बंदरगाह से रवाना हुआ है और पाकिस्तान के पोर्ट कासिम की ओर जा रहा है। इसके कल वहां पहुंचने की उम्मीद है।
जहाज की करीब 1 लाख 74 हजार घन मीटर एलएनजी ले जाने की क्षमता है। इससे पहले अल खरैतियात नाम का एक और LNG टैंकर ईरान की मंजूरी वाले उत्तरी समुद्री रास्ते से होकर होर्मुज पार कर चुका है।
12:18 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका-ईरान में युद्ध खत्म करने पर मतभेद कायम
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन दोनों देशों के बीच अभी भी सहमति नहीं बन पाई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान की तरफ से दिया गया प्रस्ताव उन्हें मंजूर नहीं है।
वहीं, ईरान का कहना है कि उसने अमेरिका को ऐसा प्रस्ताव दिया है जो उसके राष्ट्रीय हितों के हिसाब से सही है।
12:00 PM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान ने इजराइल से हमले रोकने को कहा
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने कहा है कि इजराइल को लेबनान पर हमले बंद करने चाहिए।
उन्होंने अमेरिकी राजदूत मिशेल ईसा से मुलाकात में कहा कि इजराइल लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। साथ ही, लेबनान में सैन्य कार्रवाई और घरों को तोड़ने की घटनाएं भी जारी हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि इजराइल पर दबाव बनाया जाना चाहिए ताकि ये हमले रुक सकें।
बताया जा रहा है कि लेबनान और इजराइल के बीच इस हफ्ते अमेरिका में एक अहम बैठक भी हो सकती है।
11:37 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान जंग के असर से दक्षिण अफ्रीका की व्हेल खतरे में
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध का असर अब दक्षिण अफ्रीका के समुद्री इलाकों पर भी दिखने लगा है। शोधकर्ताओं का कहना है कि समुद्री जहाजों की बढ़ती आवाजाही के कारण व्हेल मछलियों के लिए खतरा बढ़ गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रेड सी और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने के बाद कई जहाज अब दक्षिण अफ्रीका के केप ऑफ गुड होप वाले रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे वहां समुद्री ट्रैफिक काफी बढ़ गया है।
शोधकर्ता एल्स वर्म्यूलन ने कहा कि जहाजों और व्हेल के रास्ते एक-दूसरे से टकरा रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च से 24 अप्रैल के बीच हर दिन औसतन 89 बड़े व्यावसायिक जहाज दक्षिणी अफ्रीका के रास्ते से गुजरे। जबकि 2023 में इसी अवधि में यह संख्या 44 थी।

दक्षिण अफ्रीका के हरमनस इलाके में दिखाई देने वाली सदर्न राइट व्हेल।
11:17 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमले, 4 लोगों की मौत
दक्षिणी लेबनान के नबातियेह इलाके में इजराइल के हवाई हमलों में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए। हमलों में कई घर भी तबाह हो गए।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अब्बा गांव पर हुए हवाई हमले में 78 साल की नजिया हसन रमाल और उनके 11 साल के पोते फदल वहाब तरहिनी की मौत हो गई।
11:07 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- ईरान के खिलाफ जंग अभी खत्म नहीं
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ जंग अभी खत्म नहीं हुई है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि इजराइल ने अब तक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है।
अमेरिकी मीडिया को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के पास अभी भी परमाणु सामग्री और एनरिच्ड यूरेनियम मौजूद है, जिसे हटाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ईरान के कुछ परमाणु ठिकानों को अभी भी खत्म किया जाना बाकी है। साथ ही, ईरान जिन समूहों का समर्थन करता है और उसकी बैलिस्टिक मिसाइल प्लानिंग भी परेशानी का मुद्दा बनी हुई है।
नेतन्याहू ने दावा किया कि इजराइल ने ईरान की क्षमताओं को काफी कमजोर किया है, लेकिन अभी भी बहुत काम बाकी है।
10:45 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने वेस्ट बैंक के शरणार्थी कैंप में सैनिकों की तैनाती बढ़ाई
वेस्ट बैंक के कलंदिया शरणार्थी कैंप में इजराइली सेना ने इलाके में एक्स्ट्रा जवान तैनात किए हैं।
यह कार्रवाई उस समय हुई, जब एक फिलिस्तीनी युवक ने इजराइली सीमा पुलिस पर गोलीबारी की। इसके बाद इजराइली जवानों ने जवाबी फायरिंग की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली पुलिस इलाके में एक इमारत की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान झड़प शुरू हो गई।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, इजराइली सेना ने कैंप में आंसू गैस, स्टन ग्रेनेड और गोलियां चलाईं। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
10:30 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- सम्मान के साथ बातचीत करने के लिए तैयार
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि ईरान क्षेत्रीय तनाव से निपटने के लिए कई रास्तों पर विचार कर रहा है। इनमें सम्मान और मजबूती के साथ बातचीत भी शामिल है।
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति ने कहा कि देश की सैन्य उपलब्धियों को कूटनीति के जरिए और मजबूत किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह बयान सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान दिया। इस दौरान अधिकारियों ने हालिया संघर्ष के दौरान पुलिस बल के कामकाज की रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपी।
10:12 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल के 3 सैनिक हिजबुल्लाह के ड्रोन हमले में घायल
इजराइली सेना ने कहा है कि दक्षिणी लेबनान में एक विस्फोटक ड्रोन धमाके में उसके तीन सैनिक घायल हो गए।
सेना के मुताबिक, यह ड्रोन पहले से विस्फोटक सामग्री से लैस था। धमाका उस समय हुआ जब सैनिक इलाके में मौजूद थे। घायल सैनिकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इससे पहले इजराइली सेना ने बताया था कि लेबनान सीमा के पास हिजबुल्लाह की तरफ से भेजे गए एक ड्रोन हमले में उसका एक सैनिक मारा गया।
09:53 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री इस हफ्ते भारत आ सकते हैं
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस हफ्ते भारत आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 14 मई को नई दिल्ली में होने वाली BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।
यह बैठक सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारी के तौर पर देखी जा रही है। इस समय BRICS समूह की अध्यक्षता भारत के पास है।

ईरानी विदेशमंत्री अब्बास अराघची।
09:37 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
स्टार्मर बोले- ब्रिटेन को ईरान के साथ युद्ध में नहीं घसीटने दूंगा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा है कि वह ब्रिटेन को ईरान के साथ युद्ध में नहीं घसीटने देंगे। उन्होंने पहले भी कहा था कि ईरान युद्ध हमारी लड़ाई नहीं है और ब्रिटेन इसमें शामिल नहीं होगा।
स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन का फोकस तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आम नागरिकों की रक्षा जरूरी है।
ब्रिटेन ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी सुरक्षा और समुद्री निगरानी भी बढ़ाई है। ईरान युद्ध को लेकर स्टार्मर घरेलू राजनीतिक दबाव का भी सामना कर रहे हैं। ब्रिटेन में बढ़ती ऊर्जा कीमतों और युद्ध के असर को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है।
09:11 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
तेल की कीमतें बढ़ने से सोने के दाम गिरे
अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसका असर सोने पर पड़ा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड के दाम गिर गए। सोमवार को सोना करीब ₹1.43 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।
रॉयटर्स के मुताबिक स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.6% गिरकर 4,684 डॉलर प्रति औंस यानी भारतीय करेंसी में करीब ₹1.43 लाख प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 0.8% गिरकर 4,692 डॉलर प्रति औंस पर आ गए, जो करीब ₹1.44 लाख प्रति 10 ग्राम है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद कमजोर पड़ने से तेल महंगा हो रहा है। इसी वजह से सोने पर दबाव बना हुआ है। फिलहाल बाजार की नजर अमेरिका-ईरान वार्ता और तेल की कीमतों पर बनी हुई है।
08:25 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिण कोरिया ने होर्मुज में अपने कार्गो जहाज पर हमले की निंदा की
दक्षिण कोरिया ने होर्मुज स्ट्रेट में उसके कार्गो जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। राष्ट्रपति कार्यालय ब्लू हाउस ने कहा कि हमले के पीछे जिम्मेदार की पहचान होने के बाद उचित जवाब दिया जाएगा।
हमला इस महीने होर्मुज स्ट्रेट में एक दक्षिण कोरियाई शिपिंग कंपनी के कार्गो जहाज पर हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई थी। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने बताया कि जहाज के पिछले बाएं हिस्से को नुकसान पहुंचा।
राष्ट्रपति कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दक्षिण कोरियाई विशेषज्ञों ने जहाज को हुए नुकसान की शुरुआती फॉरेंसिक जांच की है। हालांकि अब तक हमले के स्रोत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
08:22 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- लड़ाई के लिए मजबूर हुए तो लड़ेंगे
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा है कि अगर ईरान को लड़ाई के लिए मजबूर किया गया तो वह लड़ाई लड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जहां कूटनीति की गुंजाइश होगी, वहां बातचीत का रास्ता भी अपनाया जाएगा। बघई ने कहा कि कूटनीति के अपने नियम होते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के फैसले उसके राष्ट्रीय हितों के आधार पर लिए जाएंगे।
ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि ईरान ने हमेशा अपने लोगों के हितों की रक्षा करने की इच्छा दिखाई है। उन्होंने कहा कि तेहरान अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा।
07:22 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का दावा- अमेरिकी F-35 जेट ने UAE में इमरजेंसी लैंडिंग की
ईरान ने दावा किया है कि अमेरिकी वायुसेना के एक F-35A लाइटनिंग-II फाइटर जेट ने UAE में इमरजेंसी लैंडिंग की।
भारत में ईरान के दूतावास ने X पर पोस्ट कर बताया कि अमेरिकी F-35A जेट ओमान सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान उसने इमरजेंसी कोड 7700 ट्रांसमिट किया। एविएशन में 7700 को सामान्य इमरजेंसी सिग्नल माना जाता है।
दावे के मुताबिक कोड भेजने के बाद फाइटर जेट ने अपना रास्ता बदल लिया। इसके बाद उसने UAE के अल धाफरा एयर बेस पर इमरजेंसी लैंडिंग की। पोस्ट में कहा गया कि पिछले 24 घंटे में यह दूसरा अमेरिकी F-35A लाइटनिंग-II है, जिसने इमरजेंसी कोड ट्रांसमिट किया।
हालांकि अमेरिका या UAE की तरफ से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अल धाफरा एयर बेस UAE में अमेरिका का अहम सैन्य ठिकाना माना जाता है। यहां अमेरिकी वायुसेना के लड़ाकू विमान और निगरानी सिस्टम तैनात रहते हैं।
07:15 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- वियतनाम जा रहे तेल टैंकर ने होर्मुज पार किया
ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने दावा किया है कि माल्टा-फ्लैग वाला तेल टैंकर एजियोस फैनूरियोस-1 होर्मुज स्ट्रेट पार कर गया। रिपोर्ट के मुताबिक जहाज इराकी कच्चा तेल लेकर वियतनाम जा रहा था और उसने ईरान के तय किए गए समुद्री मार्ग का इस्तेमाल किया।
हाल के दिनों में ईरान होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही को लेकर लगातार निगरानी और नियंत्रण की बात करता रहा है।
इससे पहले रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी थी कि तीन तेल टैंकरों ने अपने ट्रैकिंग सिस्टम बंद करके होर्मुज स्ट्रेट पार किया। हालांकि ईरान की तरफ से उस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।
06:23 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह का दावा- दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों पर हमला किया
हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया। संगठन के मुताबिक तैयबेह इलाके में एक घर के अंदर मौजूद इजराइली सैन्य पोजिशन पर तीन बार हमला किया गया।
संगठन का दावा है कि हमलों के बाद इजराइली सैनिकों को पीछे हटना पड़ा। हिजबुल्लाह के मुताबिक बाद में एक इजराइली हेलिकॉप्टर मौके पर पहुंचा और घायलों को वहां से निकाला गया। हालांकि इजराइली सेना की तरफ से इस दावे पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
05:33 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना का दावा- दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह का ड्रोन मार गिराया
इजराइली सेना (IDF) ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के एक ड्रोन को इंटरसेप्ट कर मार गिराया। सेना के मुताबिक ड्रोन उस इलाके में उड़ रहा था, जहां इजराइली सैनिक तैनात हैं। इसके बाद सेना ने उसे इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।
IDF ने कहा कि इजराइली शहरों में कोई सायरन नहीं बजाया गया। सेना के मुताबिक ऐसा प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया।
04:50 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान बॉर्डर के पास एक इजराइली सैनिक की मौत
इजराइल की सेना ने लेबनान सीमा के पास एक सैनिक के मारे जाने की पुष्टि की है। सेना के मुताबिक 47 वर्षीय अलेक्जेंडर ग्लोवान्योव रविवार को लड़ाई के दौरान मारे गए।
इजराइली सेना ने बयान जारी कर कहा कि अलेक्जेंडर ग्लोवान्योव सेना में वाहन चालक के तौर पर तैनात थे। सेना के मुताबिक उनकी मौत लेबनान सीमा के पास सैन्य कार्रवाई के दौरान हुई।
04:44 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली PM नेतन्याहू और ट्रम्प के बीच फोन पर बातचीत
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच रविवार देर रात फोन पर बातचीत हुई।
CNN ने एक इजराइली अधिकारी और कॉल से जुड़े सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी। हालांकि दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
03:42 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू का दावा- चीन ने ईरान को मिसाइल बनाने में मदद दी
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि चीन ने ईरान को मिसाइल निर्माण में मदद दी है। उन्होंने कहा कि चीन ने ईरान को कुछ सपोर्ट और मिसाइल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कंपोनेंट्स उपलब्ध कराए। नेतन्याहू ने CBS न्यूज के कार्यक्रम ‘60 मिनट्स’ में यह बयान दिया। हालांकि उन्होंने इससे ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक इंटरव्यू में ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम पर सवाल पूछे गए थे। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना अभी भी इजराइल की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इससे पहले चीन उन आरोपों को खारिज कर चुका है, जिनमें कहा गया था कि चीनी कंपनियों ने ईरान को सैन्य तकनीक या मिसाइल से जुड़े उपकरण उपलब्ध कराए। चीन का कहना रहा है कि वह सैन्य और ड्यूल-यूज टेक्नोलॉजी के निर्यात पर सख्त नियंत्रण रखता है।
अमेरिका और इजराइल लंबे समय से आरोप लगाते रहे हैं कि चीन और ईरान के बीच सैन्य और तकनीकी सहयोग मौजूद है। पिछले कुछ वर्षों में कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चीनी कंपनियां ईरान के मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े सामान और तकनीक की सप्लाई करती रही हैं।
03:34 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की चेतावनी- होर्मुज में फ्रांस-ब्रिटेन के युद्धपोत आए तो तुरंत जवाब देंगे
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में फ्रांस और ब्रिटेन के युद्धपोतों की संभावित तैनाती पर कड़ी चेतावनी दी है। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अगर किसी दूसरे देश ने होर्मुज की सुरक्षा में दखल देने की कोशिश की, तो उसे तुरंत और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
काजेम गरीबाबादी ने कहा कि युद्ध हो या शांति, होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा सुनिश्चित करना सिर्फ ईरान का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी देश को इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करने देगा। ईरान ने कहा कि फ्रांस और ब्रिटेन अपने युद्धपोतों को क्षेत्र में भेजने की तैयारी कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्रांस का एयरक्राफ्ट कैरियर चार्ल्स डी गॉल क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है, जबकि ब्रिटेन ने भी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने के संकेत दिए हैं। गरीबाबादी ने कहा कि जहाजों की सुरक्षा के नाम पर विदेशी युद्धपोतों की तैनाती वास्तव में क्षेत्र का सैन्यीकरण बढ़ाने की कोशिश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका की कार्रवाइयों में साथ देने वाले देशों को भी जवाब का सामना करना पड़ सकता है। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है।

02:59 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान और नीदरलैंड के विदेश मंत्रियों ने फोन पर बात की
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन से फोन पर बातचीत की। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की।
ईरानी सरकारी मीडिया IRIB के मुताबिक, दोनों विदेश मंत्रियों ने फोन कॉल के दौरान क्षेत्र में जारी हालात और हालिया कूटनीतिक घटनाक्रम पर विचार साझा किए। हालांकि बातचीत में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी जानकारी नहीं दी गई।
इससे पहले रविवार को ही अब्बास अराघची ने मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलात्ती से भी फोन पर बातचीत की थी।
02:46 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने रेसलिंग हाउस पर अमेरिका-इजराइल का हमले का वीडियो शेयर किया
भारत में ईरान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंटने एक CCTV वीडियो शेयर किया है। पोस्ट में दावा किया गया है कि यह वीडियो जंग के दौरान मार्टर मोस्तफा सदरजादेह रेसलिंग हाउस पर हुए अमेरिका-इजराइल हमले का है।
पोस्ट किए गए वीडियो में कथित तौर पर एक इमारत के अंदर धमाके और अफरा-तफरी जैसा नजारा दिख रहा है।
02:03 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी रक्षामंत्री ने हथियार कम पड़ने के दावे को खारिज किया
अमेरिकी रक्षामंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान युद्ध के कारण अमेरिका के हथियारों का स्टॉक तेजी से कम होने के दावों को खारिज कर दिया है। दरअसरल अमेरिकी नेवी के रिटायर्ड कैप्टन और डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क केली ने CBS को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पेंटागन ने उन्हें बताया है कि अमेरिका ने बहुत बड़ी मात्रा में हथियार खर्च कर दिए हैं।
पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मार्क केली के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क केली पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। हेगसेथ ने कहा कि केली टीवी पर पेंटागन की क्लासिफाइड ब्रीफिंग से जुड़ी गलत जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केली गलत और बेवकूफी भरी बातें कर रहे हैं।
केली ने चेतावनी दी थी कि अगर भविष्य में चीन या किसी दूसरे मोर्चे पर बड़ा संघर्ष होता है, तो अमेरिका कम सुरक्षित स्थिति में होगा। केली ने दावा किया कि मौजूदा हथियार भंडार को फिर से तैयार करने में कई साल लग सकते हैं।
केली के मुताबिक, ईरान युद्ध का असर अमेरिकी सैन्य तैयारियों पर पड़ा है। अमेरिका में ईरान युद्ध और सैन्य खर्च को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। रिपब्लिकन और डेमोक्रेट नेताओं के बीच इस बात पर मतभेद हैं कि युद्ध का अमेरिकी सैन्य क्षमता और हथियार भंडार पर कितना असर पड़ा है।
01:36 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
तेल की कीमतों में उछाल, ब्रेंट क्रूड 104 डॉलर के पार पहुंचा
ट्रम्प के ईरान का प्रस्ताव ठुकराने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया और ब्रेंट क्रूड 104 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। रविवार देर रात अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.69% बढ़कर 104.01 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को भी इसमें 1.23% की बढ़त दर्ज हुई थी।
अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 3.24% बढ़कर 98.51 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। यह पिछले कारोबारी सत्र में हुई बढ़त के बाद और ऊपर गया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक बाजार की सबसे बड़ी चिंता होर्मुज स्ट्रेट को लेकर है।
दुनिया के बड़े हिस्से का तेल इसी समुद्री रास्ते से गुजरता है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से सप्लाई प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
निवेशकों को उम्मीद थी कि दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ेगी, लेकिन ट्रम्प के सख्त रुख के बाद युद्ध खत्म होने की संभावना कमजोर पड़ती दिख रही है। इसी वजह से होर्मुज को छोड़कर अन्य बाजारों से तेल खरीदारी बढ़ी और कीमतों में तेजी दर्ज की गई।
01:19 AM11 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान का प्रस्ताव मंजूर नहीं
ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए अमेरिका के नए सीजफायर प्रस्ताव पर अपना जवाब भेजा है। इसमें पूरे क्षेत्र में, खासकर लेबनान में युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने पर बातचीत की मांग की गई है।
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने तेहरान के इस रुख को तुरंत खारिज कर दिया और इसे ‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’ बताया, लेकिन इसके बारे में उन्होंने कोई और जानकारी नहीं दी।



