जमालपुर में हनुमान श्याम कुटी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
खगड़िया के गोगरी नगर परिषद जमालपुर में हनुमान श्याम कुटी मंदिर में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार रात प्राण प्रतिष्ठा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
.
महोत्सव की शुरुआत सोमवार को नगर शोभायात्रा, पंचांग पूजा और मंडप प्रवेश के साथ हुई। मंगलवार को बेदी पूजन, कर्म कुटी पूजन, जलाधिवास, अनाधिवास और हवन जैसी विधियां संपन्न की गईं। शुक्रवार को धृतवास, वस्त्राधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास और हवन का आयोजन किया गया।
मंदिर के पुजारी मुरारी शर्मा ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन 13 दिसंबर तक चलेगा। अंतिम दिन प्राण प्रतिष्ठा के बाद सामूहिक भंडारा और भजन संध्या का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पुजारी मुरारी शर्मा के अनुसार, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने के लिए कोलकाता, बेंगलुरु, जबलपुर, बिलासपुर, मुंबई और बिहार के विभिन्न जिलों से भक्तगण पहुंचे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भक्तों का मानना है कि इस दरबार में श्रद्धा और विश्वास से मांगी गई मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस मंदिर की एक अनूठी परंपरा यह भी है कि यहां मां नारायणी को झाड़ू और नमक चढ़ाया जाता है। यह पूरे भारतवर्ष में मां नारायणी का दूसरा ऐसा मंदिर है जहां यह परंपरा निरंतर जारी है।

