Monday, July 6, 2026
Homeफूड2 तरीकों से बनेंगे बाजार जैसे मुलायम और फूले-फूले दिल्ली वाले छोले-भटूरे

2 तरीकों से बनेंगे बाजार जैसे मुलायम और फूले-फूले दिल्ली वाले छोले-भटूरे


Delhi Bhature Recipe: छोले-भटूरे का नाम सुनते ही सबसे पहले दिल्ली का स्वाद याद आता है. बड़े-बड़े, गुब्बारे की तरह फूले हुए भटूरे और मसालेदार छोले हर किसी की पसंद होते हैं, लेकिन जब यही भटूरे घर पर बनाने की बारी आती है तो अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि भटूरे या तो सख्त बन जाते हैं, या फिर तलते समय बिल्कुल नहीं फूलते. कई बार आटा सही होने के बाद भी रिजल्ट वैसा नहीं आता जैसा बाजार में मिलता है. इसकी सबसे बड़ी वजह आटा गूंथने का तरीका और सही रेस्टिंग टाइम होता है. मशहूर शेफ रणवीर बरार ने इसी परेशानी का बेहद आसान हल बताया है.

उन्होंने भटूरे का आटा तैयार करने के दो ऐसे तरीके शेयर किए हैं, जिन्हें अपनाकर घर में भी बिल्कुल दिल्ली वाले मुलायम और फूले-फूले भटूरे बनाए जा सकते हैं, अगर आप भी चाहते हैं कि अगली बार आपके भटूरे देखने में शानदार लगें और खाने में भी नरम रहें, तो इन आसान टिप्स को जरूर अपनाएं.

भटूरे का असली स्वाद छिपा है आटा गूंथने के तरीके में
अक्सर लोग सोचते हैं कि अच्छा मैदा या ज्यादा तेल डालने से भटूरे बढ़िया बन जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं है. भटूरे की सबसे बड़ी खासियत उसके आटे की तैयारी में होती है, अगर आटा सही तरीके से गूंथा जाए और उसे सही समय तक रखा जाए, तो भटूरे तलते ही अच्छी तरह फूल जाते हैं. शेफ रणवीर बरार का कहना है कि सही टेक्सचर पाने के लिए छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.

शुरुआत ऐसे करें
भटूरे के लिए सबसे पहले डेढ़ कप मैदा लें. इसमें आधा चम्मच चीनी और स्वाद के मुताबिक नमक मिलाएं. चीनी सिर्फ हल्की मिठास के लिए नहीं होती, बल्कि इससे भटूरों का रंग भी अच्छा आता है और अगर खमीर इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे एक्टिव होने में भी मदद मिलती है, अगर भटूरे ज्यादा मुलायम चाहिए तो सूखे मिश्रण में थोड़ा सा तेल भी मिला सकते हैं.

मुलायम या खस्ता, सूजी तय करेगी टेक्सचर
भटूरे का स्वाद और बनावट काफी हद तक सूजी पर भी निर्भर करती है, अगर आपको मुलायम भटूरे पसंद हैं, तो सूजी को करीब एक घंटे पहले पानी में भिगो दें और फिर आटे में मिलाएं. इससे भटूरे नरम बनेंगे. वहीं अगर आपको हल्के खस्ते भटूरे पसंद हैं, तो सूजी को बिना भिगोए सीधे मैदे में मिला दें. यह छोटी सी ट्रिक भटूरों का पूरा टेक्सचर बदल देती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पहला तरीका: खमीर वाला पारंपरिक तरीका
अगर आपके पास थोड़ा समय है, तो खमीर वाला तरीका सबसे अच्छा माना जाता है. इसके लिए करीब 5 ग्राम खमीर को हल्के गुनगुने पानी में डालकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. जब खमीर एक्टिव हो जाए, तब उसे मैदे में मिलाकर आटा गूंथ लें. इसके बाद आटे को कम से कम डेढ़ घंटे तक ढककर रखें. इस दौरान आटा अच्छी तरह फूलता है और अंदर हल्कापन आ जाता है, जिससे भटूरे तलते समय बढ़िया फूलते हैं.

‘पटक-पटक’ कर गूंथने की तकनीक क्यों है खास?
शेफ रणवीर बरार के मुताबिक सिर्फ आटा गूंथ लेना काफी नहीं होता. आटे को बार-बार उठाकर हल्का पटकते हुए गूंथना चाहिए. इससे मैदे में ग्लूटेन अच्छी तरह बनता है. यही वजह है कि बेलते समय भटूरे फटते नहीं और गर्म तेल में डालते ही फूल जाते हैं. आटा तैयार होने के बाद उसकी ऊपरी सतह पर थोड़ा सा तेल लगा दें ताकि वह सूखे नहीं.

दूसरा तरीका: बिना खमीर वाला आसान ऑप्शन
सर्दियों में कई बार खमीर ठीक से काम नहीं करता. ऐसे में दही वाला तरीका काफी आसान और असरदार माना जाता है. इसके लिए मैदा, नमक और पहले से भिगोई हुई सूजी मिलाएं. अब पानी के साथ थोड़ा दही डालकर आटा गूंथ लें. दही आटे को हल्की खटास देने के साथ उसे नरम भी बनाता है. इस तरीके में आटे को सिर्फ 45 मिनट तक ढककर रखना होता है. कम समय में बढ़िया भटूरे बनाने के लिए यह तरीका काफी पसंद किया जाता है.

भटूरे तलते समय ये गलती बिल्कुल न करें
आटा जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है सही तापमान पर तलना. तेल पूरी तरह गर्म होना चाहिए. जब भटूरा तेल में डालें तो झारे से उसके ऊपर हल्का गर्म तेल डालें. इससे भटूरा तुरंत ऊपर उठता है और गुब्बारे की तरह फूल जाता है, अगर तेल कम गर्म होगा तो भटूरा ज्यादा तेल सोख लेगा और मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलेगा.

घर पर भी मिलेगा दिल्ली जैसा स्वाद
अगर आप इन आसान टिप्स को अपनाते हैं, तो घर में भी बिल्कुल बाजार जैसे मुलायम, फूले-फूले और स्वादिष्ट भटूरे तैयार किए जा सकते हैं. सही सामग्री, सही गूंथाई, थोड़ा धैर्य और सही तापमान-बस यही चार बातें आपके भटूरों को खास बना देंगी. अगली बार छोले-भटूरे बनाते समय इन तरीकों को जरूर आजमाएं और घरवालों को दिल्ली वाले स्वाद का मजा दें.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments