भारतीय इंजीनियर, शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सी. सोनम वांगचुक कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के साथ जंतर-मंतर पर अनशन में बैठे हैं. उनके सपोर्ट में अब मनोरंजन जगत से अभिनेत्री जीनत अमान और ‘3 इडियट्स’ के ‘चतुर’, यानी कि ओमी वैद्य आए हैं। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार से बातचीत का प्रस्ताव रखा है.
एक्ट्रेस जीनत अमान ने सोनम वांगचुक की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “आज मेरे विचार देश की राजधानी दिल्ली में हैं, जहां सोनम वांगचुक जी पिछले 17 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. मैंने एक समाचार में पढ़ा कि वांगचुक जी का शरीर धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है और उन्हें बहुत तकलीफ हो रही है. जब उनसे अनशन खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, “मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए, सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं कर रही.”
सोनम वांगचुक को लेकर क्या बोलीं जीनत अमान
अभिनेत्री ने लिखा, “सोनम वांगचुक जी एसईसीएमओएल (स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख) के संस्थापक हैं। उन्होंने ‘आइस स्तूप’ जैसी अनोखी तकनीक विकसित की है, लद्दाख में शिक्षा सुधार के लिए महत्वपूर्ण काम किया है और पर्यावरण व समाज की सेवा में अपना जीवन लगाया है। फिल्म 3 इडियट्स का लोकप्रिय किरदार ‘फुनसुख वांगड़ू’, जिसे आमिर खान ने निभाया था, उनकी प्रेरणा से बनाया गया था। उन्हें समाज में योगदान के कारण देश-विदेश में कई सम्मान और पुरस्कार भी मिले हैं.”
सरकार से भी किया निवेदन
अभिनेत्री जीनत अमान ने भारत सरकार से निवेदन करते हुए लिखा कि वे अनुरोध करती हैं कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार सोनम वांगचुक से बात करें कि यह केवल लद्दाख का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश के भविष्य से जुड़ा विषय है.
‘सरकार की जिम्मेदारी है’
उन्होंने लिखा, “हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए जो अपने देश के एक महान और ईमानदार व्यक्ति को चुपचाप कष्ट सहते हुए देखता रहे. भारत में हमेशा से शांतिपूर्ण विरोध की परंपरा रही है, और सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे शांतिपूर्ण आंदोलन का जवाब बातचीत और समझदारी से दे. मेरी ओर से श्री सोनम वांगचुक जी और उनके साथ जुड़े सभी लोगों को सम्मान.”
ओमी वैद्य ने भी किया रिएक्ट
वहीं, एक्टर ओमी वैद्य ने अपनी बात को रखते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कहा कि वे सोनम वांगचुक को मरते नहीं देखना चाहते हैं। वीडियो में वे कहते हैं, “मैं 3 इडियट्स का वही ‘चतुर’ हूं और आज एक जरूरी मैसेज देना चाहता हूं. फिल्म में आमिर खान का फुंसुक वांगड़ू वाला किरदार असल जिंदगी के इंजीनियर, आविष्कारक और शिक्षक सोनम वांगचुक से प्रेरित था. मेरी सोनम से मुलाकात हो चुकी है और वो बेहद सादगी पसंद और समाज के लिए काम करने वाले इंसान हैं.”
‘इंसान को मरते हुए नहीं देख सकते’
ओमी वैद्य ने आगे कहा, “सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, लद्दाख के लोगों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं. हर किसी की राय अलग हो सकती है, लेकिन ऐसे इंसान को मरते हुए नहीं देख सकते जिसने समाज के लिए इतने अच्छे काम किए हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि अगर आप उनकी मांगों से सहमत हों तो सोशल मीडिया पर उनकी बात आगे बढ़ाएं, उनके पोस्ट शेयर करें, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों तक ये मुद्दा पहुंचाएं ताकि इस पर बातचीत हो सके.”

