हाथरस में शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली सदर क्षेत्र की भट्टा वाली गली की है, जहां कोसीकलां निवासी केशव देव शर्मा अपने परिवार के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित के अनुसार, कार्यक्रम से लौटते समय कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली और परिवार के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार और फरसे से हमला करने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों ने उनकी कार पर भी वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। परिवार की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डरे हुए परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित केशव देव शर्मा का आरोप है कि पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों में से एक को हिरासत में लिया था, लेकिन मामूली धाराओं में कार्रवाई कर उसे छोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों में हाथरस के कंचन नगर क्षेत्र के दो लोग और कुछ अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
हाथरस में परिवार पर धारदार हथियार से हमला: शादी समारोह से लौटते समय बदमाशों ने गाड़ी पर किया वार – Hathras News
RELATED ARTICLES

