फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र में 24 जून को हुई मारपीट की घटना के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। ठार पीपल रूपसपुर निवासी पीड़ित विजय पुत्र मुन्नालाल ने बताया कि 24 जून की रात गांव के कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ उनके घर में घुस आए। बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज की और उनकी पत्नी लक्ष्मी, भाई गणेश व बाबू तथा पुत्र अभिषेक के साथ मारपीट की। हमलावरों ने ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे घर में खड़ी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। मारपीट में अभिषेक के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पीड़ित के अनुसार, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। हालांकि, अभी तक किसी भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिससे उनका परिवार भयभीत है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमित कुमार आर्य ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुकदमा गिरफ्तारी की धारा में पंजीकृत है, तो आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और वे इसकी जानकारी कर रहे हैं।
Source link
फिरोजाबाद में मारपीट के आरोपी गिरफ्तार नहीं: FIR के बाद भी पीड़ित परिवार दहशत में, न्याय की गुहार – Firozabad News
RELATED ARTICLES

