Last Updated:
बॉलीवुड की सुपरहिट रोमांटिक-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘तनु वेड्स मनु’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है. कंगना रनौत और आर. माधवन की जोड़ी को दोबारा साथ देखने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ा अपडेट आया है. मेकर्स इस मोस्ट अवेटेड सीक्वल ‘तनु वेड्स मनु: द नेक्स्ट चैप्टर’ की शूटिंग इसी साल शुरू करने जा रहे हैं. मिताक्षरा कुमार के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा इरोज इनोवेशन ने अपनी नई कंटेंट लिस्ट के दौरान की है.
कंगना रनौत और आर माधवन की ‘तनु वेड्स मनु 3’ को लेकर आया बड़ा अपडेट.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की ‘क्वीन’ कंगना रनौत के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हिंदी सिनेमा जगत की सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘तनु वेड्स मनु’ के अगले पार्ट को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है. फैंस के बीच लंबे समय से चर्चा बटोर रही इस मोस्ट अवेटेड फिल्म का नाम ‘तनु वेड्स मनु: द नेक्स्ट चैप्टर’ होगा, जिसकी शूटिंग इसी साल शुरू होने जा रही है. मेकर्स कंगना रनौत और आर. माधवन की फिल्म को साल 2026 में ही फ्लोर पर ले आएंगे. इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा हाल ही में इरोज इनोवेशन द्वारा जारी की गई नई कंटेंट लिस्ट के दौरान की गई है.
9 ओरिजिनल प्रोजेक्ट्स होंगे तैयार
इरोज इनोवेशन ने अपनी नई कंटेंट रणनीति के तहत तीन प्रमुख पहलों की घोषणा की है. इनमें सबसे महत्वपूर्ण इरोज ब्रम्ह्मांड है, जो भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं से प्रेरित एक नया सिनेमाई ब्रह्मांड होगा. इसके तहत 9 ओरिजिनल प्रोजेक्ट्स तैयार किए जाएंगे. इनमें ‘नंदी-वॉर ऑफ कैलाश’, ‘द्वारका: गेटवे टू द यूनिवर्स’, ‘विमान वॉर्स’, ‘महाभारत 5000 एडी’, ‘यक्षिणी’, ‘ब्रह्मराक्षस’, ‘गरुड़’, ‘कुंभयन्न’ और ‘मनसा देवी’ शामिल हैं. इन सभी प्रोजेक्ट्स को आपस में जोड़कर एक व्यापक और रोचक कहानी की दुनिया तैयार की जाएगा.
लिस्ट में ‘तनु वेड्स मनु 3’ का नाम भी शामिल
दूसरी पहल ‘इरोज यूनिवर्स’ है, जिसमें कई लोकप्रिय फिल्म टाइटल्स को नए रूप में आगे बढ़ाया जाएगा. इस सूची में ‘तनु वेड्स मनु – द नेक्स्ट चैप्टर’ के अलावा ‘फोबिया’, ‘इंग्लिश विंग्लिश’, ‘देसी बॉयज’, ‘रंगीला’ और ‘तेरे नाम’ जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं. कंपनी के अनुसार, इन कहानियों को फिल्मों, एनीमेशन, माइक्रोड्रामा और कैरेक्टर बेस्ड कंटेंट के जरिए नए अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा.
फिर से बनेगी रजनीकांत की ‘कोचादाइयां’?
तीसरी पहल ‘इरोज रीमास्टर्ड’ है, जिसकी शुरुआत रजनीकांत स्टारर फिल्म ‘कोचादाइयां’ से होगी. भारत की पहली मोशन-कैप्चर फीचर फिल्म मानी जाने वाली इस फिल्म को सौंदर्या रजनीकांत के रचनात्मक नेतृत्व में नए सिरे से रीस्टोर और रीइमैजिन किया जाएगा.
लोकप्रिय फिल्मों को मिलेंगी नई कहानियां
इरोज इनोवेशन के संस्थापक और चेयरमैन किशोर लुल्ला ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य पौराणिक कथाओं, लोकप्रिय फिल्मों और क्लासिक सिनेमा को एक मंच पर लाकर ऐसी कहानियां पेश करना है जो हर पीढ़ी के दर्शकों को जोड़ सकें. वहीं, को-फाउंडर और को-प्रेसिडेंट रिधिमा लुल्ला ने कहा कि यह नई कंटेंट लिस्ट कहानी कहने के नए और रचनात्मक तरीकों के प्रति कंपनी की महत्वाकांक्षा को दिखाती है.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें

