Last Updated:
सलमान खान के साथ काम कर चुके एक्टर मनोज बख्शी ने फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ का किस्सा सुनाया. वे मानते हैं कि भाईजान पर ‘दबंग’ इमेज जंचती है, मगर असल में वह बहुत दयालु और अच्छे इंसान हैं. उन्होंने भाईजान से जुड़े कई किस्से सुनाए, जो उनकी शख्सियत के कई पहलुओं को बयां करता है. एक्टर ने ‘बजरंगी भाईजान’ की शूटिंग का भी किस्सा सुनाया, जब उन्होंने नन्ही हर्षाली मल्होत्रा के उगले चिकन के टुकड़ों को कई बार अपने हाथ में लिया था.
सलमान खान की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ ब्लॉकबक्टर रही थी.
नई दिल्ली: सलमान खान अपने दबंग अंदाज के लिए मशहूर हैं. रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में सबने उनका गुस्सा देखा है. हालांकि, वे बाहर से जितना सख्त दिखते हैं, अंदर से बड़े संवेदनशील इंसान हैं. वे बड़े दिलवाले हैं. अब फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ में उनके साथ काम कर चुके एक्टर मनोज बख्शी ने उनकी शख्सियत के अनजाने पहलू के बारे में बताया है. उन्होंने फिल्म की शूटिंग का दिलचस्प किस्सा सुनाया.
सलमान खान के साथ जिन सितारों ने काम किया है, वे बताते हैं कि भाईजान बहुत मिलनसार और दूसरों का ख्याल रखने वाले इंसान हैं. मनोज बख्शी ने वरुण तिवारी के साथ इंटरव्यू में ‘बजरंगी भाईजान’ की चाइल्ड एक्टर हर्षाली मल्होत्रा से जुड़ा किस्सा सुनाया. उन्होंने यह भी बताया कि कैसे सलमान ने ‘बजरंगी भाईजान’ की कास्ट और क्रू के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग का खास इंतजाम किया था.
‘बजरंगी भाईजान’ की शूटिंग का अजीब किस्सा
मनोज बख्शी ने कहा, ‘हम ‘बजरंगी भाईजान’ की शूटिंग कर रहे थे और उस छोटी बच्ची (हर्षाली मल्होत्रा) को चिकन खाना था. कबीर खान सर ने उससे रोमांच के साथ चिकन का एक टुकड़ा खाने को कहा और खाते समय मुस्कुराने की सलाह दी. अगर उसके मुंह में बड़ा टुकड़ा आ जाता तो वह चबाते समय मुस्कुरा नहीं पाती, तो उसे चिकन के टुकड़े वहीं थूकने पड़ते थे. सलमान ने कम से कम 20 बार उसे अपने हाथ में लिया. वह उनका अपना बच्चा भी नहीं है और वह अपने हाथ में खाना थुकवा रहे हैं. आप इसे जैसे चाहें वैसे सोचें, लेकिन एक स्टार होने के बावजूद वह बहुत अच्छे इंसान हैं.’
जब फैंस ने घेर लिया था सिनेमाहॉल
दिग्गज एक्टर ने एक और किस्सा भी याद किया जब फिल्म की पूरी यूनिट साथ में फिल्म देखने गई थी. जब ‘बजरंगी भाईजान’ की शूटिंग कर रहे थे, तब ‘डॉली की डोली’ रिलीज हुई थी. सलमान खान ने पूरी यूनिट को फिल्म दिखाने का वादा किया. सब लोग एक-साथ फिल्म देखने गए. सलमान भी वहां मौजूद थे. मनोज बख्शी ने याद करते हुए कहा कि जब हम बाहर निकलने वाले थे, तो उनके बॉडीगार्ड्स ने हमें अंदर ही रहने के लिए कहा. दरअसल, खबर फैल गई थी कि सलमान अंदर हैं, इसलिए फैंस ने पूरे थिएटर को घेर लिया.’
दिल से सोचते हैं सलमान खान
सलमान खान के फैंस ने चेतावनी दी कि अगर भाईजान उनसे नहीं मिले तो वे पत्थरबाजी शुरू कर देंगे. वह बाहर गए, उन सभी से मिले और फिर वे सब चले गए. फैंस का सलमान खान के लिए क्रेजी बर्ताव से सभी हैरान थे. मनोज बख्शी मानते हैं कि ‘दबंग’ इमेज सलमान खान के लिए सही है, मगर असल में वह ऐसे इंसान नहीं हैं. उन्होंने भाईजान के अनूठे स्वभाव पर कहा, ‘अगर उन्हें कोई मामूली इंसान भी पसंद आ जाए, तो वह उसके लिए कुछ भी कर सकते हैं. शाहरुख अभी भी दिमाग से सोचते हैं, लेकिन सलमान अपने दिल की सुनते हैं.’
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें

