अगर आप इस इंतजार में बैठे हैं कि शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आएगी तो निवेश करेंगे… तो शायद आप एक बड़ा मौका गंवा सकते हैं. देश की तीसरी सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड (Nippon India Mutual Fund) के प्रेसिडेंट और चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (CIO-Equity) शैलेश राज भान का कहना है कि यह समय क्रैश का इंतजार करने का नहीं, बल्कि अच्छी कंपनियों के शेयर धीरे-धीरे खरीदना शुरू करने का है. उनका मानना है कि अगले तीन साल को ध्यान में रखकर निवेश करने वालों के लिए मौजूदा बाजार पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले बेहतर अवसर दे रहा है.
बता दें कि निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड भारत की तीसरी सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है. वित्त वर्ष 2026 तक कंपनी करीब 3.8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति मैनेज कर रही है और इसके पास 220 से अधिक म्यूचुअल फंड स्कीमें हैं. ऐसे में कंपनी के CIO की राय को बाजार में काफी अहम माना जाता है.
…तो बड़े उछाल से चूक जाएंगे लोग
हाल ही में द वेल्थ फॉर्मूला (The Wealth Formula) पॉडकास्ट में जब शैलेश राज भान से पूछा गया कि क्या यह आक्रामक तरीके से निवेश शुरू करने का सही समय है, तो उन्होंने कहा, “हां, काफी हद तक यह सही समय है.” हालांकि उन्होंने बिना सोचे-समझे हर शेयर खरीदने की सलाह नहीं दी. उन्होंने कहा कि बाजार में चल रही मौजूदा सुस्ती और कंसोलिडेशन को डर की तरह नहीं, बल्कि एक अवसर की तरह देखना चाहिए.
उन्होंने कहा, “बाजार के इस ठहराव वाले दौर का इस्तेमाल अगले तीन साल के लिए अच्छी कंपनियों के शेयर धीरे-धीरे खरीदने में करें, क्योंकि यह दो-तीन चुनौतीपूर्ण वर्षों के बाद आया है.” उनका मानना है कि जो निवेशक आज सिर्फ इसलिए इंतजार कर रहे हैं कि बाजार और नीचे आएगा, वे आने वाले बड़े उछाल से चूक सकते हैं.
आगे की सोच रखनी होगी
शैलेश राज भान के मुताबिक, “शेयर बाजार में बड़ी गिरावट (क्रैश) को छोड़ दें तो यहां आसानी से पैसा कमाने का मौका नहीं मिलता. आज क्या हो रहा है, उसे भूलकर आगे की सोच रखनी होगी.” उनका कहना है कि बाजार में हमेशा कुछ न कुछ चिंता बनी रहती है. कभी ब्याज दरों की चर्चा होती है, कभी युद्ध का डर, तो कभी वैश्विक अर्थव्यवस्था की चिंता. लेकिन अगर निवेशक हर खबर के शांत होने का इंतजार करेगा, तो अच्छा मौका निकल सकता है.
उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि अगले छह महीनों की चिंता छोड़ दीजिए. इसके बजाय यह सोचिए कि जिस कंपनी में आप निवेश कर रहे हैं, वह आज से तीन साल बाद ज्यादा मजबूत होगी या नहीं. अगर जवाब हां में है, तो मौजूदा समय निवेश के लिए अच्छा हो सकता है.
गिरते हुए बाजार से डरने की जरूरत नहीं
शैलेश राज भान का कहना है कि गिरते या ठहरे हुए बाजार से डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा, “गिरता हुआ बाजार आपको सोच-समझकर निवेश करने का समय देता है.” जब बाजार बहुत तेजी से भाग रहा होता है, तब लोग अक्सर बिना रिसर्च के निवेश कर देते हैं. लेकिन जब बाजार शांत होता है, तब निवेशकों के पास कंपनियों का बिजनेस, मुनाफा, कर्ज और भविष्य की संभावनाएं समझने का पर्याप्त समय होता है.
उन्होंने यह भी कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव को दुश्मन नहीं, बल्कि अवसर की तरह देखना चाहिए. उनके मुताबिक, “अगर आप तैयार हैं, तो बाजार की उठापटक आपके लिए दुश्मन नहीं, बल्कि सबसे बड़ा मौका बन जाती है.” भान ने यह भी कहा कि आज निवेशकों के सामने पहले की तुलना में कहीं ज्यादा अच्छे विकल्प मौजूद हैं. “अच्छे निवेश के अवसरों की संख्या अब पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है.” उनके मुताबिक अब सिर्फ बड़ी कंपनियों में ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी कई मजबूत बिजनेस दिखाई दे रहे हैं.
इंटरव्यू के आखिर में उन्होंने अपनी सलाह एक लाइन में समेट दी. उन्होंने कहा, “यह अलग-अलग मार्केट कैप वाली अच्छी कंपनियां चुनने और उनमें लंबे समय तक निवेश बनाए रखने का सही दौर है.”

