शेखपुरा में जयरामपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में एक महीने से फरार चल रहे आरोपी मसूदन चौधरी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को पुलिस निगरानी में शेखपुरा जेल भेज दिया गया है।
.
गिरफ्तार आरोपी जयरामपुर गांव निवासी प्रसादी चौधरी का बेटा है। छापामारी का नेतृत्व जयरामपुर थाना अध्यक्ष पीयूष कुमार ने किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव के एक सड़क पुल पर बैठा है, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे धर दबोचा।
पड़ोसी कैलू चौधरी पर जानलेवा हमला कर दिया था
थाना अध्यक्ष पीयूष कुमार ने बताया कि एक माह पहले गाली देने से मना करने पर गिरफ्तार आरोपी ने अपने चार अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पड़ोसी कैलू चौधरी पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में कैलू चौधरी बुरी तरह घायल हो गए थे।
इस मामले के तीन अन्य अभियुक्त अभी भी फरार
घायल की शिकायत पर स्थानीय थाना में जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी के बेटा शिवम कुमार उर्फ शिवा चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो अभी शेखपुरा जेल में बंद है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले के तीन अन्य अभियुक्त अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

