पीरपैंती के पूर्व विधायक अमन कुमार ने शनिवार को रानीदियारा पंचायत का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। रानीदियारा पंचायत में दलित समाज के लोगों की स्थिति सबसे खराब है। उनके घरों में पानी घुस चुका है। फसलें नष्ट हो गई हैं।
.
प्रभावित परिवारों का कहना है कि अब तक प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली है। न तो प्लास्टिक शीट मिली और न ही सूखा राशन। बाढ़ के समय शरण भी नहीं दी गई। लोगों ने खुद के खर्चे से प्लास्टिक खरीदकर अस्थायी आश्रय बनाया है।
ग्रामीण संजय, मुन्ना, सुधीर और कंकू ने बताया कि उनके पास रहने की जगह नहीं है। खाने का इंतजाम भी नहीं है। बच्चों और महिलाओं की स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। लोग बीमारियों के खतरे से जूझ रहे हैं।
पूर्व विधायक ने जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीसीएलआर और सीओ से तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सभी पीड़ितों को समान दृष्टि से देखना चाहिए। राहत सामग्री जल्द उपलब्ध न कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

