मधुबनी मंडल कारा में मंगलवार को एक अनूठी शादी संपन्न हुई। कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म के एक आरोपी की शादी उसी मामले की पीड़िता से हुई। जेल परिसर में दोनों ने विधिवत सात फेरे लिए।
.
पीड़िता ने पिछले साल महिला थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। मामला एडीजे प्रथम के न्यायालय में विचाराधीन था। आरोपी जेल में बंद था। जिला अदालत से उसकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी थी।
दोनों ने शादी के लिए अदालत में किया आवेदन
पटना उच्च न्यायालय में याचिका के दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौते की जानकारी मिली। दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे। हाईकोर्ट ने एडीजे कोर्ट को उनके संबंधों की पुष्टि का निर्देश दिया। इसके बाद दोनों ने शादी के लिए अदालत में आवेदन किया।
शादी के दौरान दोनों पक्षों के वकील थे मौजूद
जेल अधीक्षक ओम प्रकाश शांति भूषण ने बताया कि शादी के दौरान दोनों पक्षों के वकील मौजूद थे। विवाह से जुड़े सभी साक्ष्य अदालत में पेश किए जाएंगे। आरोपी और पीड़िता लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे।यह घटना जिले में चर्चा का विषय बन गई है। कुछ लोग इसे आपसी सहमति से रिश्ते को वैधानिक रूप देने की पहल मान रहे हैं। समाज के विभिन्न वर्गों में इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

