राकेश पचौरी | मथुरा3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर घटने के बाद नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने घाटों और निचले इलाकों में जमा सिल्ट व गंदगी की सफाई का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने वार्ड 63 के मालियन सदर महादेव घाट और वार्ड 23 अहीर पाड़ा का निरीक्षण किया। वार्ड 63 की उपस्थिति पंजिका में 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। आयुक्त ने इन कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए। इस दौरान पार्षद संजय अग्रवाल और सफाई निरीक्षक विपिन सिंह मौजूद थे।
आयुक्त ने वार्ड 65 में बंगाली घाट से विश्राम घाट तक का भी दौरा किया। उन्होंने घाटों और मार्गों से सिल्ट हटाने के साथ नालियों की सफाई के निर्देश दिए। वार्ड 65 के पार्षद संतोष पाठक और सफाई निरीक्षक राजकुमार लवानिया भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने सभी प्रभावित वार्डों में एंटी-लार्वा स्प्रे और फॉगिंग नियमित रूप से कराने के आदेश दिए। यह कदम संचारी रोगों की रोकथाम के लिए उठाया गया है। नगर निगम बाढ़ के बाद की स्थिति से निपटने के लिए विशेष सफाई अभियान चला रहा है। अधिकारी स्थानीय स्तर पर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

