शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक स्टॉल में आग लग गई। कोल्ड्रिंक्स फ्रिजर का कंप्रेशर फटने से लगी इस आग में दुकान का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिन्होंने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुरानी शिवपुरी निवासी रविंद्र खेमरिया मुक्ति धाम के सामने चाय, कोल्ड्रिंक्स और परचून की दुकान चलाते हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद होने के बाद अचानक कोल्ड्रिंक्स कंपनी के फ्रिजर का कंप्रेशर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि स्टॉल का एक हिस्सा भी टूट गया और दुकान के अंदर आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें देखकर राहगीरों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। इसी दौरान दुकान संचालक रविंद्र खेमरिया भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। दुकान संचालक रविंद्र खेमरिया के अनुसार, इस आगजनी की घटना में उन्हें करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
Source link
फ्रिजर कंप्रेशर फटने से दुकान में आग, लाखों का नुकसान: शिवपुरी में मुक्तिधाम के सामने स्टॉल में देर रात आग, एक घंटे में काबू पाया जा सका – Shivpuri News
RELATED ARTICLES

