पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव शनिवार देर रात बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे। रुपौली के मोहनपुर पंचायत के वार्ड नंबर 4, 5, 6, 7 और 8 में बाढ़ पीड़ितों से मिले और उनकी आर्थिक मदद की। 500 से अधिक लोगों के बीच रुपए और सूखा राशन बांटा।
.
पप्पू यादव ने लोगों की समस्याओं को सुना और हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि हर हालत में मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा। किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। जहां तक संभव होगा, सभी की मदद करेंगे।
बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राशन बांटते सांसद पप्पू यादव।
बैग से नोटों का बंडल निकालकर बांटा
सांसद पप्पू यादव के गांव पहुंचते ही बाढ़ पीड़ितों की भीड़ उमड़ पड़ी। बारी-बारी से सांसद ने सबको सूखा राशन दिया और रुपए बांटा। इतना ही नहीं जेब में मौजूद रुपए कम पड़ने पर सांसद ने बैग से नोटों के बंडल निकालकर दोबारा बांटा। इसका वीडियो भी सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कुछ यूजर उन्हें गरीबों का मसीहा, तो कोई गरीबों का मददगार लिख रहा है। इससे पहले भी सांसद बीते दिनों बाढ़ की मार झेलने वाले रुपौली के अलग-अलग गांवों में पहुंचे थे। पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाई और सभी को 500 रुपए की आर्थिक मदद दी।


