बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, नालंदा जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर ला रहा है। जिला नियोजन पदाधिकारी मो० आकिफ वक्कास ने जानकारी दी है। इसके अनुसार एसआईएस (SIS) चकाई जमुई के सौजन्य से नालंदा के 10 अलग-अलग प्रखंडों में सुरक्षा कर्मियों की भर्ती होगी। आज से 23 जून तक विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 320 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। 40 साल तक के लोगों को मिलेगा मौका इन शिविरों में सुरक्षा सुपरवाइजर के 60 पदों के लिए योग्यता 12वीं पास, उम्र 19 से 40 साल, न्यूनतम ऊंचाई 170 सेंटीमीटर और वेतनमान 17,000 से 24,000 रुपये तय किया गया है। वहीं सबसे अधिक सुरक्षा जवान के 150 पदों पर बहाली होगी, जिसके लिए 10वीं पास युवा जिनकी उम्र 19 से 40 साल और ऊंचाई 167.5 सेंटीमीटर हो, वे आवेदन कर सकते हैं। इन्हें 14,000 से 22,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा कैश कस्टोडियन के 35 पदों (योग्यता 12वीं पास, ऊंचाई 165 सेमी, वेतन 13,000-19,000 रुपये) और सुरक्षा अधिकारी के 75 पदों (योग्यता स्नातक पास, ऊंचाई 170 सेमी, वेतन 25,000-33,000 रुपये) पर भी नियुक्तियां की जाएंगी, जिन्हें अन्य सरकारी लाभों के साथ बिहार राज्य और पूरे भारत में काम करने का अवसर मिलेगा। पंजीयन शिविरों का आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार रोजाना सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा, जिसके तहत 12 जून को करायपरशुराय, 13 जून को हिलसा, 15 जून को इस्लामपुर, 16 जून को परवलपुर, 17 जून को सरमेरा, 18 जून को हरनौत, 19 जून को रहुई, 20 जून को सिलाव, 22 जून को राजगीर और अंतिम दिन 23 जून को बिहारशरीफ प्रखंड में शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में भाग लेने वाले सभी इच्छुक आवेदकों का भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल पर निबंधित होना अनिवार्य है। शिविर में भाग लेने के लिए नहीं देने होंगे रुपए जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस पंजीयन शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना है और यह पूरी तरह से निःशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति इस शिविर के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो अभ्यर्थी इसकी शिकायत तुरंत जिला नियोजन कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि चयन के उपरांत ड्रेस, प्रशिक्षण या अन्य मदों में होने वाले किसी भी प्रकार के खर्च की जिम्मेदारी सीधे तौर पर अभ्यर्थी और एसआईएस चकाई जमुई की होगी, इसमें जिला नियोजनालय की पैसे के लेन-देन में कोई भूमिका या जवाबदेही नहीं होगी। विशेष जानकारी के लिए अभ्यर्थी विभागीय ईमेल आईडी या दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
Source link

