राजगढ़ जिले के माचलपुर नगर में मंगलवार को सफाईकर्मियों ने वेतन न मिलने के विरोध में नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के बैनर तले सफाईकर्मियों ने काम बंद कर नगर परिषद के सामने हड़ताल पर बैठ गए।
.
दो माह से नहीं मिला वेतन
नगर अध्यक्ष हेमराज मकवाना ने बताया कि पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। कई बार लिखित व मौखिक रूप से वेतन भुगतान की मांग की गई, लेकिन नगर परिषद द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते सभी सफाईकर्मी आज से हड़ताल पर उतर आए हैं। प्रशासन से तत्काल बकाया वेतन भुगतान की मांग की।
हड़ताल के कारण मंगलवार को पूरे नगर में सफाई कार्य ठप रहा। मुख्य बाजार, वार्डों और गलियों में कचरे के ढेर नजर आए। लोगों को गंदगी और दुर्गंध से परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें दो महीने से वेतन नही मिला है
संगठन की तीन प्रमुख मांग
1. वर्ष 2018 से अब तक सफाईकर्मियों का ईपीएफ जमा कराया जाए।
2. पिछले दो माह का बकाया वेतन तत्काल भुगतान किया जाए।
3. आगे से हर माह की 15 तारीख तक नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए और सफाई के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगे पूरी नहीं की गईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी और नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रहेगी।

