मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में देवलहा जलप्रपात मंदिर के पास बुधवार देर शाम भाई-बहन से लूट हो गई। अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिर
.
नईगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम डीही निवासी राजेंद्र कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन के साथ देवलहा प्रपात और मंदिर घूमने गए थे। शाम ढलने के बाद मंदिर परिसर और आसपास का इलाका सुनसान हो गया था।
इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और लगभग 5 हजार रुपए नकद लूट लिए, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही लूटे गए सामान की बरामदगी के साथ पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
देवलहा प्रपात क्षेत्र में पहले भी ऐसी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शाम के बाद यह इलाका सुनसान हो जाता है, जिससे ऐसी वारदातों की आशंका बनी रहती है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

