Last Updated:
Bareilly Famous Kufi Shop: बरेली की गर्मियों में अगर ठंडक और मिठास का असली स्वाद लेना हो, तो तोला राम कुल्फी आज भी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. यहां आम जनता ही नहींं, खास हस्तियां और नेता कुल्फी खाने के लिए आते हैं. आइए यहां की कुल्फी की खासियत के बारे में आपको बताते हैं.
बरेली: गर्मियों का मौसम शुरू होते ही अगर बरेली में किसी चीज की सबसे ज्यादा चर्चा होती है, तो वह है तोला राम कुल्फी की. जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे इस मशहूर कुल्फी की दीवानगी भी लोगों के बीच लगातार बढ़ती जा रही है. बरेली की पहचान बन चुकी यह कुल्फी सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि शहर की पुरानी विरासत और स्वाद का हिस्सा बन चुकी है. सालों पुरानी यह दुकान आज भी अपने पारंपरिक स्वाद और शुद्धता के कारण लोगों के दिलों पर राज कर रही है.
बरेली की कोतवाली रोड सिविल लाइंस स्थित पंजाबी मार्केट में मौजूद तोला राम कुल्फी पर हर दिन बड़ी संख्या में लोग कुल्फी का स्वाद लेने पहुंचते हैं. शाम होते ही यहां ग्राहकों की भीड़ देखने को मिलती है. खास बात यह है कि यहां केवल बरेली ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग कुल्फी खाने आते हैं. कई लोग तो शहर में आते ही सबसे पहले यहां की कुल्फी का स्वाद लेना पसंद करते हैं. 70 से 100 वर्ष पुरानी दुकान बरेली के प्रतिष्ठित नामी प्रतिष्ठान तोलाराम कुल्फी वालों का माना जाता है.
यह है कुल्फी की सबसे बड़ी खासियत
मालिक तोला राम कुल्फी दुकान के मालिक जवाहरलाल तनेजा बताते हैं कि उनकी कुल्फी की सबसे बड़ी खासियत उसकी शुद्धता है. उनका कहना है कि कुल्फी में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं की जाती और यही वजह है कि लोग सालों से इस स्वाद पर भरोसा करते आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि कुल्फी को पूरी तरह शुद्ध दूध और ड्राई फ्रूट्स से तैयार किया जाता है, जिससे इसका स्वाद बाकी कुल्फियों से बिल्कुल अलग और खास बन जाता है.
कई दशकों से लोगों का भरोसा
जवाहरलाल तनेजा ने बताया कि इस कारोबार की शुरुआत उनके दादाजी ने की थी. उस समय से लेकर आज तक परिवार ने गुणवत्ता और स्वाद के साथ कोई समझौता नहीं किया. यही कारण है कि कई दशकों बाद भी लोगों का भरोसा और प्यार इस दुकान के प्रति लगातार बना हुआ है. समय बदला, बाजार बदला और कई नई वैरायटी की आइसक्रीम और कुल्फियां आईं, लेकिन उनकी कुल्फी का पारंपरिक स्वाद आज भी लोगों की पहली पसंद बना हुआ है.
सबसे खास बात यह है कि यहां कुल्फी की सिर्फ एक ही खास वैरायटी मिलती है. उसका स्वाद ऐसा है कि लोग बार-बार यहां खिंचे चले आते हैं. दूध और ड्राई फ्रूट्स से बनी यह कुल्फी लोगों को बेहद पसंद आती है. गर्मियों में इसका क्रेज इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि कई बार दुकान पर लंबी लाइनें तक देखने को मिलती हैं. बच्चे हों, युवा हों या बुजुर्ग, हर उम्र के लोग इस कुल्फी का स्वाद लेने पहुंचते हैं. इनकी कुल्फी खाने के लिए बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा, विपक्ष के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी से लेकर बड़े-बड़े अधिकारी भी दुकान पर आ चुके हैं.
बलिया वासियों का किया धन्यवाद
जवाहरलाल तनेजा ने बरेली वासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि शहर के लोगों ने उन्हें हमेशा भरपूर प्यार और सम्मान दिया है. उन्होंने कहा कि लोगों का यही भरोसा और स्नेह उन्हें बेहतर गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है. उनका कहना है कि आने वाले समय में भी वह इसी तरह शुद्धता और स्वाद को बनाए रखते हुए लोगों को बेहतरीन कुल्फी परोसते रहेंगे.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

