उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) लिखित परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी ने बताया कि टीजीटी लिखित परीक्षा का आयोजन 03 एवं 04 जून 2026 को दो-दो पालियों में कराया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 07 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, श्री गांधी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज एवं आर्य कन्या इंटर कॉलेज उरई शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 03 जून को प्रथम पाली में 2692 तथा द्वितीय पाली में 2127 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं 04 जून को प्रथम पाली में 2263 एवं द्वितीय पाली में 2170 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 9252 अभ्यर्थी चार पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर 07 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 07 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बैठक में सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी निरीक्षक, कर्मचारी अथवा सपोर्ट स्टाफ द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
Source link
जालौन में आज टीजीटी परीक्षा: 7 केंद्रों पर 9252 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम – Jalaun News
RELATED ARTICLES

