Guava Juice Recipe: गर्मी की दोपहर जब सिर पर आग बरस रही हो और शरीर थका-सा लगे, तब कुछ ठंडा और नेचुरल मिल जाए तो बात ही अलग होती है. ऐसे में लोग अक्सर बाजार के कोल्ड ड्रिंक या पैकेज्ड जूस की तरफ भागते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर पर ही एक ऐसा हेल्दी ड्रिंक तैयार किया जा सकता है जो न सिर्फ ठंडक दे बल्कि शरीर को ताकत भी दे? अमरूद का जूस ऐसा ही एक आसान और शानदार ऑप्शन है. इसमें भरपूर विटामिन C होता है, स्वाद में हल्का खट्टा-मीठा और शरीर के लिए काफी फायदेमंद. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और घर की किचन में मौजूद चीजों से ही तैयार हो जाता है.
क्यों खास है अमरूद का जूस?
अमरूद को अक्सर लोग हल्के में लेते हैं, लेकिन ये फल पोषण के मामले में किसी सुपरफूड से कम नहीं. इसमें विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं. गर्मियों में जब शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो जाता है, तब अमरूद का जूस एक नैचुरल हाइड्रेशन ड्रिंक की तरह काम करता है.
शरीर को क्या फायदा मिलता है?
अमरूद का जूस पीने से इम्यूनिटी मजबूत होती है, अगर आप अक्सर थकान या कमजोरी महसूस करते हैं, तो ये जूस तुरंत एनर्जी देने में मदद करता है. इसके अलावा ये पेट के लिए भी हल्का होता है, जिससे डाइजेशन सही रहता है. कई लोग इसे वेट लॉस डाइट में भी शामिल करते हैं क्योंकि ये लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है.
घर पर कैसे बनाएं अमरूद का जूस
अक्सर लोग सोचते हैं कि जूस बनाना झंझट वाला काम है, लेकिन ये रेसिपी बेहद आसान है. बस कुछ मिनट और आपका ठंडा-ठंडा जूस तैयार.
सामग्री
-2 पके हुए अमरूद (कटे हुए)
-2 कप ठंडा पानी
-1 बड़ा चम्मच शहद या चीनी
-1 छोटा चम्मच नींबू का रस
-बर्फ के टुकड़े जरूरत के अनुसार
बनाने का तरीका
-सबसे पहले अमरूद को अच्छे से धो लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, अगर आपको बीज पसंद नहीं हैं, तो सख्त हिस्सा हटा सकते हैं. अब इन टुकड़ों को ब्लेंडर में डालें और साथ में एक कप ठंडा पानी मिलाएं. इसे अच्छी तरह ब्लेंड करें ताकि स्मूद पल्प बन जाए.
-अब इस मिश्रण को छलनी से छान लें, जिससे जूस हल्का और स्मूद हो जाए. इसके बाद इसमें बाकी का ठंडा पानी डालें और साथ में शहद या चीनी मिलाएं. अब नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. आखिर में बर्फ के टुकड़े डालें और ठंडा-ठंडा सर्व करें.
स्वाद बढ़ाने के छोटे टिप्स
अगर आप जूस में थोड़ा ट्विस्ट चाहते हैं, तो इसमें पुदीने की कुछ पत्तियां डाल सकते हैं. इससे फ्लेवर और भी फ्रेश लगेगा. कुछ लोग इसमें चुटकी भर काला नमक भी डालते हैं, जिससे स्वाद और बढ़ जाता है.
कब पिएं ये जूस?
गर्मी के दिनों में दोपहर के वक्त ये जूस सबसे ज्यादा राहत देता है, अगर आप बाहर से आए हैं या बहुत थकान महसूस हो रही है, तो एक गिलास अमरूद का जूस आपको तुरंत तरोताजा कर सकता है.
बाजार के ड्रिंक्स से क्यों बेहतर?
आजकल बाजार में मिलने वाले जूस और कोल्ड ड्रिंक्स में प्रिजर्वेटिव और ज्यादा शुगर होती है. ये स्वाद में भले अच्छे लगें, लेकिन हेल्थ के लिए सही नहीं होते. इसके मुकाबले घर पर बना अमरूद का जूस पूरी तरह फ्रेश और केमिकल-फ्री होता है.

