Last Updated:
Hormuz Bitcoin Tax : ईरान द्वारा बिटकॉइन में टोल वसूलने की खबर से दुनियाभर के क्रिप्टो एनालिस्ट्स और प्रमुख वित्तीय संस्थान बिटकॉइन (Bitcoin) पर बुलिश हैं. उनका मानना है कि वर्तमान भू-राजनीतिक अस्थिरता बिटकॉइन के लिए एक बड़े ‘ब्रेकआउट’ का आधार तैयार कर रही है.
बिटकॉइन (Bitcoin) की कीमत करीब 72,202 डॉलर पर पहुंच गई है. (Photo : AI)
नई दिल्ली. अमेरिका और ईरान के बीच हुए अस्थाई युद्ध विराम के बाद भी होर्मुज जलडमरूमध्य खुला नहीं है. उल्टा ईरान ने इस जलमार्ग से गुजरने वाले हर टैंकर से टोल टैक्स लेने का ऐलान कर दिया है. ईरान के तेल निर्यात संघ के प्रवक्ता हामिद हुसैनी ने इस बात की तसदीक की है कि तेहरान ने होर्मुज से गुजरने वाले हर भरे हुए टैंकर के लिए $1 प्रति बैरल टोल फीस मांगनी शुरू कर दिया है. ईरान यह पैसा केवल ‘बिटकॉइन’ जैसी डिजिटल करेंसी में मांग रहा है, ताकि इस पैसे को ट्रैक न किया जा सके और अमेरिका इसे प्रतिबंधों के नाम पर जब्त न कर पाए. ईरान के बिटकॉइन में टोल वसूली की खबर आते ही क्रिप्टो मार्केट में हरियाली छा गई है.
बिटकॉइन (Bitcoin) की कीमत करीब 72,202 डॉलर पर पहुंच गई है. इसमें बीते 24 घंटों में 1.80 फीसदी और पिछले 7 दिनों में 8.34 फीसदी की तेजी आई है. इसी तरह इथेरियम (Ethereum) लगभग 2,200 डॉलर पर कारोबार कर रहा है और इसमें 24 घंटे में 0.79 फीसदी तथा साप्ताहिक आधार पर 6.90 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई है.
एक्सआरपी व सोलाना भी चढ़ी
टीथर (Tether) 1 डॉलर के आसपास स्थिर बनी हुई है और पिछले 24 घंटे में इस क्रिप्टो में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है. एक्सआरपी (XRP) की बात करें तो इसकी कीमत करीब 1.34 डॉलर है और इसमें 24 घंटे में 0.84 फीसदी तथा 7 दिनों में 1.76 फीसदी की तेजी आई है. वहीं बीएनबी (BNB) पिछले 24 घंटे में 0.28 फीसदी की तेजी आई है और यह 602 डॉलर पर ट्रेड कर रही है. पिछले 7 दिनों में यह कॉइन 2.54 फीसदी चढ़ चुका है.
अन्य प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में सोलाना (Solana) में पिछले 24 घंटों में 1.63 फीसदी की तेजी आई है और यह समाचार लिखे जाने तक 83.50 डॉलर पर ट्रेड कर रही थी. 7 दिनों में यह 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुकी है. ट्रॉन (TRON) लगभग 0.3195 डॉलर पर कारोबार कर रही है. वहीं डॉजकॉइन (Dogecoin) में भी 24 घंटों में 1.56 फीसदी की तेजी आई और यह अब 0.092 डॉलर पर कारेाबार कर रही है.
बिटकॉइन पर क्या होगा ईरान के रुख का असर
ईरान द्वारा बिटकॉइन में टोल वसूलने की खबर से दुनियाभर के क्रिप्टो एनालिस्ट्स और प्रमुख वित्तीय संस्थान बिटकॉइन (Bitcoin) पर बुलिश हैं. उनका मानना है कि वर्तमान भू-राजनीतिक अस्थिरता बिटकॉइन के लिए एक बड़े ‘ब्रेकआउट’ का आधार तैयार कर रही है. फार्ब्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट में कॉइनस्विच मार्केट्स डेस्क और ट्रेडिंगकी जैसे एनालिस्ट्स का मानना है कि बिटकॉइन जल्द ही $75,000 के स्तर को छू सकता है. यदि मौजूदा गति और वैश्विक अस्थिरता बनी रहती है, तो यह $100,000 तक भी जा सकता है.
वहीं, Zycrypto की की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यदि नई रणनीतियों को बड़े पैमाने पर लागू किया गया तो यह बाजार से बिटकॉइन की नई सप्लाई का लगभग 66% हिस्सा सोख सकता है. इससे शॉर्ट-टर्म में कीमतों में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है. हालांकि, बिटमैक्स के फाउंडर अर्थुर हेस का कहना है कि यह बिटकॉइन वेस्टर्न फिएट सिस्टम को चुनौती देने का एक तरीका हो सकता है. उनके अनुसार, बिटकॉइन पर असली प्रभाव तभी दिखेगा जब ऑन-चेन ट्रांजेक्शन्स में वास्तविक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.

