Last Updated:
Cocktail 2 Advance Booking: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ रिलीज से पहले बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाती नजर आ रही है. 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म की एडवांस बुकिंग में बड़ा उछाल देखने को मिला है. फिल्म रिलीज से पहले ही करोड़ों कमा चुकी है. किसी बड़ी बॉलीवुड फिल्म से टक्कर न होने का फायदा भी ‘कॉकटेल 2’ को और भी फायदा मिल सकता है.
नई दिल्ली. शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज को अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है. फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है . मेकर्स और स्टार कास्ट लगातार फिल्म का प्रमोशन भी कर रहे हैं. इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी रिलीज से पहले ही जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है. शुरुआती दिनों में टिकट बिक्री की रफ्तार भले ही धीमी रही हो, लेकिन रिलीज डेट नजदीक आते-आते फिल्म ने जोरदार पकड़ बना ली है. एडवांस बुकिंग में बंपर उछाल देख मेकर्स भी काफी खुश हैं.

ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कॉकटेल 2’ ने ओपनिंग डे के लिए 57,000 से ज्यादा टिकटों की बिक्री कर ली है. बिना ब्लॉक सीट्स के फिल्म की एडवांस बुकिंग से करीब 1.97 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. वहीं, ब्लॉक सीट्स को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 3.67 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.

रिलीज से पहले अभी एक दिन का समय बाकी है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग में और इजाफा देखने को मिल सकता है. फिल्म की एडवांस बुकिंग रविवार को शुरू हुई थी. शुरुआत में दर्शकों की प्रतिक्रिया कुछ खास नहीं रही. मेकर्स भी ये देख हैरान थे लेकिन जैसे-जैसे रिलीज का दिन करीब आने लगे, टिकट बिक्री में तेजी देखने को मिली.
Add News18 as
Preferred Source on Google

हालांकि, यह साल की सबसे बड़ी प्री-सेल फिल्मों में शामिल नहीं है, लेकिन मौजूदा आंकड़े इसे एक मजबूत शुरुआत की ओर इशारा करते हैं. अब इंडस्ट्री की नजर इस बात पर रहेगी कि एडवांस बुकिंग का यह एक्साइटमेंट पहले दिन की कमाई में कितना बदल पाता है.

फिल्म के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि 19 जून को बॉक्स ऑफिस पर इसके सामने कोई भी बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है. पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्में ‘मैं वापस आऊंगा’ और ‘भारत भाग्य विधाता’ बॉक्स ऑफिस पर शांत पड़ चुकी हैं. इससे ‘कॉक्टेल 2’ को दर्शकों को आकर्षित करने का पूरा मौका मिलेगा.

वहीं, दूसरे हफ्ते में चल रही हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई है, जिसका सीधा फायदा शाहिद कपूर की फिल्म को मिलेगा.

फिल्म की चर्चा को बनाए रखने के लिए मेकर्स ने हाल ही में इसका नया गाना ‘बंधु 2.0’ रिलीज किया है. यह गाना साल 2012 में आई मूल फिल्म ‘कॉकटेल’ के सुपरहिट ट्रैक ‘तुम्ही हो बंधु’ का रीक्रिएटेड वर्जन है. प्रीतम के संगीत, कविता सेठ और नीरज श्रीधर की आवाज और इरशाद कामिल के लिखे इस गाने को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है. कुछ लोग पुरानी यादों के ताजा होने से बेहद खुश हैं तो कुछ इसकी तुलना ओरिजिनल गाने से कर रहे हैं.

