अनूप कुमार यादव | कुशीनगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के नैनहा गांव में बीती रात 35 वर्षीय प्रमोद गिरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर विशुनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रमोद गिरी की शादी 10 साल पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। उनके बच्चे अपनी मां के साथ ननिहाल में रहते हैं। प्रमोद गिरी प्रदेश में मजदूरी का काम करते थे और तीन-चार दिन पहले ही अपने घर लौटे थे।

शनिवार रात प्रमोद ने अपनी पत्नी से फोन पर काफी देर तक बात की, जिसके दौरान उनमें कहासुनी हुई। अगली सुबह जब उनकी मां उठीं, तो उन्होंने प्रमोद को मृत पाया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
विशुनपुरा थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि प्रमोद गिरी का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था और उनकी पत्नी उनके साथ नहीं रह रही थीं। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और आपसी विवाद के कारण हुए मानसिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।
हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

