Sunday, May 17, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशकानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में: कंपनी के...

कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में: कंपनी के बाहर श्रमिकों का 5 घंटे हंगामा, शिक्षिका ने छात्र का टीका मिटवाकर थप्पड़ जड़े – Kanpur News


नमस्कार, कानपुर में कल (शनिवार) की बड़ी खबरें… सचेंडी में स्पन माइक्रो कंपनी में कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन लागू करने, ओवरटाइम भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, समय से बोनस, हर साल वेत

.

किदवई नगर के-ब्लॉक स्थित मदर टेरेसा स्कूल में छठी के छात्र के माथे से शिक्षिका ने टीका मिटवा दिया। इसकी सूचना मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता ने स्कूल में हंगामा कर दिया। जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने शिक्षिका हिबा फातिमा को नौकरी से हटा दिया। तब जाकर हंगामा शांत हुआ। दामोदर नगर के रहने वाले छात्र दक्षेश मिश्रा ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।

सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें

1- छात्र के माथे से टीका मिटवाने पर हंगामा: मदर टेरेसा स्कूल में ABVP ने की नारेबाजी, मैनेजमेंट ने शिक्षिका को निकाला

कानपुर में मदर टेरेसा स्कूल में छठी के छात्र के माथे से शिक्षिका ने टीका मिटवा दिया। इसकी सूचना मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता ने स्कूल में हंगामा कर दिया। जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने शिक्षिका हिबा फातिमा को नौकरी से हटा दिया। तब जाकर गुस्साए कार्यकर्ता शांत हुए। इसके साथ ही छात्र के परिजन भी शिक्षिका के हटाए जाने पर संतुष्ट हो गए। मुकदमा दर्ज करवाने की बात से पीछे हट गए। पढ़ें पूरी खबर…

2- स्पन माइक्रो कंपनी के बाहर श्रमिकों का हंगामा: मैनेजमेंट और कर्मचारियों के बीच मीटिंग हुई, 5 घंटे बाद समझौता

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत किसाननगर रोड स्थित बिनौर के पास बनी स्पन माइक्रो कंपनी में कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। बड़ी संख्या में श्रमिकों ने काम बंद कर कंपनी गेट के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि वर्षों से काम करने के बावजूद न तो वेतन बढ़ाया गया और न ही जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कई बार प्रबंधन से वेतन बढ़ाने और सुविधाएं देने की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…

3- चकरपुर मंडी अग्निकांड में तबाह हुए आढ़तियों से मिले सपा नेता, विधायक बोले- सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से 44 दुकानें जलीं

कानपुर चकरपुर मंडी में अग्निकांड से तबाह हुई 44 आढ़तों के पीड़ितों से मिलने के लिए शनिवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने व्यापारियों की समस्याएं सुनील और मंडी सचिव के साथ बैठक की। मंडी सचिव से आढ़तियों और पल्लेदारों को तत्काल मुआवजा और दुकानें बनवाकर देने की मांग की है। इसके साथ ही जिन पल्लेदारों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई उन्हें भी मुआवजा देने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई, बिठूर विधानसभा से सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला, पूर्व सांसद राजाराम पाल, पार्षद अर्पित यादव समेत अन्य नेता शनिवार दोपहर चकरपुर मंडी पहुंचे। सपा नेताओं ने जिस चबूतरे में आग लगने से 44 दुकानें जलकर खाक हो गई और करोड़ों का नुकसान हो गया था, वहां पर निरीक्षण किया। इसके साथ ही आग्निकांड में बर्बाद हुए आढ़तियों और पल्लेदारों से भी बात करके उनका दर्द समझा। पढ़ें पूरी खबर…

4- दिन में लू के थपेड़े, रात में उमस बढ़ी: गर्मी का सितम, सुबह से तापमान बढ़ा; 20 मई तक लू चलेगी

कानपुर में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। शहर में सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है। सूरज के तेवर सख्त हैं। आसमान पूरी तरह साफ है। 11:00 बजे के बाद लू चलने की संभावना है। सुबह 10 बजे तक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।

सुबह हल्के बादल छाए रहे। दिन चढ़ते ही तेज धूप निकल आई। सुबह 10 बजे के बाद सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। 20 मई तक लू चलने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर…

5- बारात से वापस आकर दूल्हे ने आत्महत्या की: रात में घर से निकला, सुबह शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला

कानपुर के एक घर में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दुल्हन को विदा कराकर घर लौटे दूल्हे ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह गांव के बाहर खेतों में पेड़ से उसका शव लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद नई नवेली दुल्हन समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना सजेती थाना क्षेत्र के गुरैयनपुर गांव की है। पढ़ें पूरी खबर…

6- कानपुर में 14 बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ा: सपा-भाजपा नेताओं में विवाद, टीचर घर से बुला रहे; पुलिस के साये में पढ़ाई हो रही

कानपुर में परमट स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल को नेताओं ने अपनी सियासी जंग का अखाड़ा बना दिया है। नेताओं की इस लड़ाई में अब बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विवाद के 3 दिनों के बाद स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या कम हो गई है।

टीचर छात्रों को घरों से बुलाकर ला रहे हैं। आखिर इस समस्या का क्या समाधान है, इससे बच्चों पर क्या असर पड़ा है। इसको जानने के लिए दैनिक भास्कर ने स्कूल के प्रिंसिपल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से बात की। पढ़ें पूरी खबर…

7- कानपुर में 2 दिन की हड़ताल, कूड़े से पटा शहर: तीसरे दिन कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया, नगर निगम ने मांगें मानीं; उसके बाद हड़ताल समाप्त

कानपुर शहर की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दिए जाने के विरोध में सफाई कर्मचारियों का नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहा। सफाई कर्मी हाथों में झाड़ू लेकर पहुंचे। गुरुवार सुबह शुरू हुए प्रदर्शन में देर शाम अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया था। इसके बाद शुक्रवार व शनिवार को सड़कों से कूड़ा नहीं उठा है।

दोपहर करीब पौने दो बजे नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह सिंह गौर ने मांगों का माने जाने की घोषणा की। इसके बाद हड़ताल खत्म हुई। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में कूड़ा उठान व नालियों की सफाई नहीं हुई है। दो दिन से जारी हड़ताल के चलते सड़कों पर कूड़ा जमा है। पढ़ें पूरी खबर…

8- बर्थडे से पहले हेडकांस्टेबल के बेटे ने सुसाइड किया: पिता ने कहा- स्कूल टीचर ट्यूशन पढ़ने का दबाव बनाते थे, फटी हुई पर्ची मिली

कानपुर में टीचरों के टॉर्चर से परेशान हेड कांस्टेबल के 14 साल बेटे आयुष प्रताप सिंह ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। आज ही के दिन आयुष का बर्थडे था। सुसाइड करने से पहले छात्र ने पर्ची में एक नोट लिखा, लेकिन बाद में उसे फाड़ दिया।

बेटे की मौत से हेड कांस्टेबल बदहवास हो गए, उन्होंने बिलखते हुए कहा कि बेटे ने मुझसे बर्थडे में गिटार मंगाया था, लेकिन वह मुझे बर्थडे के दिन अपनी जान दे देगा, इसका मुझे एहसास नहीं था। आयुष ने शुक्रवार शाम सुसाइड किया, शनिवार को उसका बर्थडे था। पढ़ें पूरी खबर…

9- बिना कुर्ता और चप्पल पहने सपा MLA कार्यक्रम में पहुंचे: बोले- पार्टी की मीटिंग में ऐसे ही जाऊंगा, स्कूल का काम न शुरू होने तक मेरी जिद

कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने परमट प्राथमिक स्कूल के पुनर्निर्माण का काम शुरू न होने तक ऊपरी अंग पर वस्त्र धारण न करने और जूता-चप्पल न पहनने का संकल्प लिया है। विधायक को सरकारी बैठकों में शामिल होना होता है, साथ ही पार्टी से जुड़ी सभाओं और सार्वजनिक व पारिवारिक कार्यक्रमों में भी जाना पड़ता है।

ऐसे में दैनिक भास्कर ने अमिताभ बाजपेयी से जाना कि वह अपने रोजमर्रा के कार्यक्रम किस तरह मैनेज करेंगे और क्या इसी तरह से वहां पहुंचेंगे। शनिवार सुबह विधायक अपने पहले कार्यक्रम में आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के हटिया पहुंचे, जहां वट सावित्री पूजन के अवसर पर शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित था। हटिया खोया मंडी से ही विधायक नंगे पैर दिखाई दिए। उनके साथ कुछ समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। पढ़ें पूरी खबर…

10- किसान के घर 25 लाख की चोरी: छत का जाल काटकर घर में घुसे चोर, ज्वेलरी लेकर फरार हुए; परिवार सोता रहा

कानपुर में शातिर चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। शुक्रवार की रात चोर घर के ऊपर लगे जाल को काटकर अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 25 लाख रुपए कीमत की ज्वेलरी पार कर दी।

शनिवार की सुबह परिवार के लोग जागे तो कमरे का नजारा देखकर चोरी जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना बिठूर थाना क्षेत्र के बनी गांव की है। बनी गांव निवासी राजेश तिवारी पेशे से किसान हैं। वह शुक्रवार की रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात के समय चोर मकान की छत के रास्ते पहुंचे और ऊपर लगा लोहे का जाल काटकर घर के अंदर घुस गए। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments