बलरामपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार शाम 6:30 बजे ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली। यह यात्रा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित की गई थी। पदयात्रा का नेतृत्व जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने किया। यह अंबेडकर तिराहा से शुरू होकर वीर विनय चौराहा होते हुए झारखंडी मंदिर पहुंची। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के समक्ष सत्य की विजय, जनआस्था की रक्षा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित चढ़ावा प्रकरण में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की ताकि सच्चाई सामने आ सके। एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर यादव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पारदर्शी और स्वतंत्र जांच चाहती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से कथित अनियमितताओं में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी। मारकंडे मिश्र, अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, सियाराम प्रधान, डॉ. पंकज गुप्ता और अफरोज खान सहित अन्य वक्ताओं ने भी आस्था से जुड़े मामलों में आधी-अधूरी कार्रवाई को अनुचित बताया। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। इस पदयात्रा में डॉ. प्रतीक मिश्रा, उमाशंकर तिवारी, अबरार खान, डॉ. खलीलुल्लाह, धर्मेंद्र मिश्रा, सुशील शुक्ला, अख्तर खान, केदारनाथ पाण्डेय, दिलशाद हुसैन, लाल साहब श्रीवास्तव, शकील अहमद, भीष्म सिंह, परवेज खान, राजेश पाण्डेय, राहुल दुबे, देवेंद्र पाण्डेय और जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
Source link
कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर निकाली ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’: बलरामपुर में सत्य सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच की मांग – Balrampur News
RELATED ARTICLES

