अररिया में आगामी दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। परमान सभागार में हुई इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अनिल कुमार और पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने की।
.
बैठक में जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और सभी थाना अध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
दीपावली और छठ पर्व को लेकर विस्तृत समीक्षा
इस दौरान दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने अधिकारियों को अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने छठ घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, घाटों पर गोताखोरों की तैनाती और मेडिकल टीम की उपलब्धता को अनिवार्य बताया।
दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने और अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को ध्यान में रखते हुए आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और अवैध धन, शराबबंदी उल्लंघन व आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया।
शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सभी थानों को सतर्क रहने और समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी। बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से पर्व के दौरान शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

