पूर्णिया के मीरगंज में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। कटिहार के फलका से लौट रहीं मां-बेटी को तेज रफ्तार कार ने कुचल डाला। हादसे के बाद ब्रेक लगाने के बजाए कार सवार युवक 200 मीटर तक मां-बेटी को घसीटता रहा। इस हादसे में जाने मानेन्यूट्रिशन कोच की मौत हो गई, जबकि बेटी की हालत काफी गंभीर है। मृतका की पहचान मधेपुरा निवासी विजय कुमार यादव की पत्नी कविता कुमारी(41) के रूप में हुई है। वो फिलहाल पूर्णिया में रह रही थी। कोर्ट स्टेशन के पास न्यूट्रिशन क्लब संचालित करती थी। जबकि उनकी बेटी शिवानी कुमारी 18 गंभीर रूप से घायल हैं। शिवानी का इलाज GMCH में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के बहेलिया स्थान के पास की है। स्कूटी से गिरने के बाद कार ने रौंदा घायल शिवानी ने बताया कि वो अपनी मां कविता के साथ स्कूटी से फलका कस्टमर के री-चेकअप के लिए गई थीं। वहां से दोनों स्कूटी से वापस घर लौट रही थी। रास्ते में बहेलिया स्थान के समीप सड़क पर चिकनी मिट्टी होने के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़ीं। वे दोनों संभलती कि इससे पहले ही तेज रफ्तार में आ रहे सफेद रंग की कार ने रौंद दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को ऑटो से GMCH पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कविता कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवानी का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मदद का दिलाया भरोसा जानकारी मिलते ही सांसद पप्पू यादव ने अपने सांसद प्रतिनिधि आदिल आरजू को जीएमसीएच भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कविता कुमारी अपने मिलनसार स्वभाव और बेहतर कार्यशैली के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थी। उनकी असामयिक मौत से न्यूट्रिशन क्लब से जुड़े लोगों और परिचितों में भी शोक की लहर है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस वहीं, मीरगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल से स्कूटी और मोबाइल जब्त कर थाने ले गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिएभेज दिया गया है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस कह रही है।
Source link

