दिल्ली: पुरानी दिल्ली की सदियों पुरानी गलियों से लेकर साउथ दिल्ली के मॉडर्न कैफे तक, राजधानी का हर इलाका फूड के लिए अपनी एक अलग पहचान रखता है. कहीं छोले-भटूरे की खुशबू लोगों को खींच लाती है, तो कहीं कबाब और बिरयानी का जायका दिल जीत लेता है. किसी बाजार की पहचान चाट और गोलगप्पों से है, तो कहीं मोमोज, शावरमा और इंटरनेशनल व्यंजन युवाओं की पहली पसंद बने हुए हैं. यही वजह है कि दिल्ली को सिर्फ देश की राजधानी नहीं, बल्कि भारत की फूड कैपिटल भी कहा जाता है. आइए जानते हैं राजधानी के उन मशहूर इलाकों के बारे में, जहां हर गली और हर बाजार अपने स्वाद से लोगों की जुबान पर अलग छाप छोड़ता है.
चांदनी चौक में है पराठे वाली गली
अगर दिल्ली में खाने की बात हो और चांदनी चौक का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां सदियों पुरानी खाने की परंपरा आज भी कायम है. पराठे वाली गली के भरवां पराठे, मसालेदार चाट, दही भल्ले, नागौरी हलवा, जलेबी, रबड़ी और पुराने अंदाज की मिठाइयां लोगों को खूब पसंद आती हैं. वहीं, जामा मस्जिद के आसपास कबाब, निहारी, बिरयानी और मुगलई व्यंजन देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित करते हैं.
कनॉट प्लेस
दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में हर तरह का खाना मिलता है. यहां लग्जरी रेस्टोरेंट से लेकर पुराने कैफे, बेकरी, स्ट्रीट फूड और इंटरनेशनल क्यूज़ीन तक सब कुछ मौजूद है. यहां नॉर्थ इंडियन, साउथ इंडियन, इटालियन, चाइनीज, जापानी, मैक्सिकन और कॉन्टिनेंटल खाने के अनगिनत विकल्प मिलते हैं. शाम के समय यह इलाका खाने के शौकीनों से गुलजार रहता है.
करोल बाग
करोल बाग लंबे समय से अपने पारंपरिक उत्तर भारतीय स्वाद के लिए जाना जाता है. यहां के छोले-भटूरे, राजमा-चावल, कचौड़ी, समोसे, लस्सी और मिठाइयां लोगों की पहली पसंद हैं. खरीदारी के साथ स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेने के लिए यह इलाका हमेशा भीड़ से भरा रहता है.
राजौरी गार्डन
राजौरी गार्डन पंजाबी खाने के लिए पूरे दिल्ली-एनसीआर में मशहूर है. यहां बटर चिकन, दाल मखनी, अमृतसरी कुलचा, तंदूरी चिकन, सीख कबाब, बारबेक्यू और नॉन-वेज व्यंजनों की भरमार है. इसके अलावा यहां आधुनिक कैफे और फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं. यहां स्वाद के दीवानों की भीड़ लगी रहती है.
तिलक नगर
तिलक नगर को मिनी पंजाब भी कहा जाता है. यहां की मलाई चाप, अफगानी चाप, तंदूरी चाप, सोया चाप, कुलचे और पंजाबी स्नैक्स पूरे शहर में मशहूर हैं.शाम के समय यहां की सड़कें खाने के शौकीनों से भर जाती हैं और लोग दूर-दूर से सिर्फ चाप का स्वाद लेने पहुंचते हैं.
मजनू का टीला
अगर आपको एशियन खाना पसंद है, तो मजनू का टीला सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है. यहां तिब्बती मोमोज, थुकपा, रामेन, किमची, कोरियन बारबेक्यू और कई पारंपरिक एशियन व्यंजन मिलते हैं. पिछले कुछ वर्षों में यह इलाका फूड लवर्स के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है.

