सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने और आमजन को मदद के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले में सरकारी योजनाओं की शुरुआत की गई है। सीएमएचओ डॉ. भैराराम जाणी ने बताया- पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को हादसे के बाद शुरुआती 7 दिनों तक 1.50 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। गोल्डन आवर में मिले ट्रीटमेंट इस योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण समय (गोल्डन ऑवर) में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देकर मृत्यु दर को कम करना है। इसके लिए जिले के सभी राजकीय और आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जान बचाने से न झिझकें डॉ. जाणी ने बताया कि घायलों की मदद करने वाले नागरिकों के लिए गुड सेमेरिटन’ (नेक व्यक्ति) योजना संचालित है। इसके तहत हादसे का शिकार हुए व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार नागरिक को सरकार द्वारा सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा। सीएमएचओ ने जिले वासियों से अपील की है कि वे दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने में बिल्कुल न झिझकें और घायल को तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र पहुंचाकर जीवन बचाने के इस मानवीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
Source link

