बूंदी जिले के शहरी क्षेत्रों के निवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से ‘शहरी सेवा शिविर अभियान 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 12 जून से शुरू होकर 15 जुलाई तक संचालित होगा। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान भूमि संबंधी कार्यों, जैसे पट्टे जारी करना, उपविभाजन, भू-उपयोग परिवर्तन, लीज होल्ड से फ्री होल्ड, नामान्तरण, भवन निर्माण स्वीकृति और ब्याज में छूट जैसे मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और EWS प्रमाण पत्र जारी करने जैसे कार्य भी इन शिविरों में किए जाएंगे। कई समस्याओं का होगा समाधान
अभियान के तहत शहरों में व्यापक स्तर पर सफाई व्यवस्था, नाली व सीवर लाइन की मरम्मत, सड़कों पर पेंच वर्क और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, रैन बसेरों व सामुदायिक केंद्रों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और निराश्रित पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। योजनाओं के आवेदन लेकर दिया जाएगा लाभ
कलेक्टर ने बताया कि शिविरों में विभिन्न फ्लेगशिप योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त कर मौके पर स्वीकृति जारी की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा व विकलांग पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन लेकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। यू.डी. टैक्स जमा करने की सुगम व्यवस्था भी शिविर स्थल पर उपलब्ध रहेगी। निर्धारित कार्यक्रमानुसार 12 जून को नगर परिषद बूंदी के वार्ड संख्या 1, 2, 3 के लिए नगर परिषद कार्यालय में शिविर आयोजित होंगे। इसी तरह 12 जून को नगर पालिका लाखेरी के वार्ड संख्या एक के लिए नगरपालिका सभाभवन, हिंडोली नगर पालिका के वार्ड संख्या एक के लिए नगरपालिका कार्यालय हिंडोली और केशवरायपाटन नगरपालिका के वार्ड संख्या एक के लिए नगरपालिका कार्यालय में शिविर लगेंगे।
Source link

