Last Updated:
JDU News: नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने अपने संगठन विस्तार को लेकर एक बहुत बड़ी सफलता प्राप्त की है. जेडीयू ने अपने देशव्यापी सदस्यता अभियान के तहत महज छह महीने से भी कम समय में एक करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का अपना बड़ा लक्ष्य पार कर लिया है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि की आधिकारिक जानकारी साझा की है.
नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने छह महीने में एक करोड़ सदस्यता का लक्ष्य पूरा किया. संजय झा ने जानकारी साझा की.
पटना. बिहार के सत्तारूढ़ गठबंधन एनडी सरकार की प्रमुख पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने सदस्यता अभियान को लेकर बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने जानकारी दी है कि जेडीयू ने छह महीने से भी कम समय में एक करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है. सजय झा के अनुसार, 2 जून 2026 तक प्राथमिक सदस्यों की संख्या एक करोड़ एक हजार नौ सौ पच्चीस पहुंच गई है.
छह दिसंबर 2025 से शुरू हुआ था अभियान
बता दें कि जेडीयू का सदस्यता अभियान 2025-28 की शुरुआत 6 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री और पार्टी के शीर्ष नेता नीतीश कुमार के नेतृत्व में की गई थी. अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और नए लोगों को पार्टी से जोड़ना था. पार्टी का कहना है कि अभियान को राज्यभर में अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला और कार्यकर्ताओं ने गांव से लेकर शहर तक सक्रिय भागीदारी निभाई.
संजय झा ने कार्यकर्ताओं को दिया श्रेय
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर पोस्ट कर अभियान की सफलता की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि एक करोड़ से अधिक सदस्यों वाले जेडीयू परिवार में सभी नए सदस्यों का स्वागत है. साथ ही उन्होंने बूथ स्तर तक अभियान को सफल बनाने में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया. संजय झा ने कहा कि पार्टी को मिली यह सफलता संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास को दर्शाती है. उन्होंने बिहार के लोगों को भी अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया देने के लिए धन्यवाद दिया.
चुनावी वर्ष से पहले संगठन विस्तार पर जोर
वहीं, राजनीति के जानकारों का मानना है कि सदस्यता अभियान की यह सफलता ऐसे समय में सामने आई है जब बिहार की राजनीति आगामी चुनावी चुनौतियों की ओर बढ़ रही है. जेडीयू लगातार अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने पर ध्यान दे रही है. पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है. यही कारण है कि सदस्यता अभियान को केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि नए सदस्यों को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने का भी प्रयास किया गया.
नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा
संजय झा ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जेडीयू बिहार के विकास और जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है. पार्टी का दावा है कि सदस्यता अभियान में मिली सफलता से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और संगठन को नई ऊर्जा मिली है. जेडीयू अब सदस्यता अभियान के अगले चरणों पर फोकस कर रही है. पार्टी नेतृत्व का कहना है कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर बिहार के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें

