नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र पूर्व के विवाद को लेकर दबंगों ने एक दंपती के साथ मारपीट की है। इस दौरान घर पर पथराव भी किया गया है। जिसका वीडिया सामने आया है। घटना भत्तु बीघा गांव की है। जानिए क्या है पूरा मामला मिली जानकारी के अनुसार, मारपीट का मुख्य आरोपी अविनाश कुमार हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है। जेल से बाहर आते ही उसने अनुज को अपना निशाना बनाया। घर के बाहर आरोपी अविनाश गाली गलौज कर रहा था। जब अनुज मना करने गया तो उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि अविनाश ने उन पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह जान बचाकर दंपती अपने घर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके घर पर भी जमकर रोड़ेबाजी की। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस कार्रवाई में जुटी है। पुलिस मुखबिरी का शक यह पूरी रंजिश 25 जनवरी को हुई एक गिरफ्तारी से जुड़ी है। अविनाश पर आरोप है कि उसने 24 जनवरी को नीरज कुमार के घर पर चढ़कर फायरिंग की थी और गाली-गलौज की थी। इस मामले में बेन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित अजंता सिनेमा के पीछे से अविनाश को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। अविनाश को संदेह था कि अनुज ने ही पुलिस को उसके छिपने की सटीक जानकारी दी थी, जिसकी खुन्नस उसने जेल से बाहर आते ही निकाली। मारपीट में घायल अनुज और उसकी पत्नी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी इस संबंध में बेन थानाध्यक्ष रविराज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आरोपी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link

